पत्नी से हुआ विवाद तो सुलझाने पहुंची पुलिस और फिर पति का पैर टूटा, जानें हुआ क्या…
त्रिलोकपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना जहांगीराबाद अन्तर्गत बीती रात पारिवारिक विवाद को सुलझाने डॉयल 112 के सिपाही पहुंचे। सिपाहियों ने घर में घुसकर युवक की जमकर पिटाई कर दी जिससे उसका बायां पैर टूट गया। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगायी है। वहीं जहांगीराबाद पुलिस पिटाई की घटना से इंकार कर …
त्रिलोकपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना जहांगीराबाद अन्तर्गत बीती रात पारिवारिक विवाद को सुलझाने डॉयल 112 के सिपाही पहुंचे। सिपाहियों ने घर में घुसकर युवक की जमकर पिटाई कर दी जिससे उसका बायां पैर टूट गया। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगायी है। वहीं जहांगीराबाद पुलिस पिटाई की घटना से इंकार कर रही है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहादुरपुर बंधौली मजरे नई बस्ती में 14 साल पहले सीतापुर थाना सदरपुर के ग्राम सद्दपुर महरिया निवासी सराफत आकर बसे है। उन्होंने बताया कि 20 जून की रात 9 बजे उसकी पत्नी सहरुन्निशा से मामूली कहासुनी हो रही थी। इस बीच किसी मोहल्ला वाले ने पीआरवी को फोन मिला दिया।
रात 10 बजे पीआरवी की एक बाइक 4455 मौके पर आयी। एक सिपाही घर के अंदर दाखिल होकर पत्नी की शिकायतों का वीडियो बनाया। इसके बाद उसने पति को गालियां देते हुए डंडे से पिटाई शुरु कर दी। पुलिस कर्मियों के साथ में आये होमगार्ड ने युवक के पैरो में लाठियां बरसानी शुरु कर दी। जिससे युवक का बायां पैर टूट गया।
चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के ग्रामीणों ने जब घटनास्थल पर पहुंचकर हकीकत जानी तो इसी बीच पीआरवी की टीम मौके से फरार हो गयी। रात्रि को ही पीड़ित ने उक्त घटना की जानकारी जहांगीराबाद थाना प्रभारी को दी। लेकिन सूचना मिलने के बावजूद जहांगीराबाद थाने का कोई भी सिपाही मौके पर नही पहुंचा।
घटना के बारे में पीड़ित के पिता ननकऊ ने बताया कि जब उसके बेटे के पारिवारिक विवाद में पहुची पुलिस ने घर मे घुस कर बेटे का पैर तोड़ कर पीठ लाल कर दी तो उसने दुबारा डायल 112 पर फोन पर पुलिस द्वारा पैर तोड़ने की सूचना दी लेकिन मौके पर कोई नही आया। उसका बेटा दर्द से कराहता रहा। देर रात मोहल्ला वाले जिला अस्पताल में भर्ती कराया एक्सरे में पता चला कि बांया पैर पूरी तरफ टूट चुका है।
बकौल पीड़ित उसके उसके 3 मासूम बच्चे है जिसमे एक महज 2 माह का है। दिहाड़ी मजदूरी के सहारे उसका चूल्हा अब पूरी तरह बुझ चुका है। बच्चो की भूख मिटाना अब मोहल्ला वालो के हाथ मे है। इलाज करना दूर की बात है। वहीं इस सम्बन्ध में आरोपी पुलिसकर्मियों का कहना था कि हम लोगों की पिटाई से पैर नही टूटा है। युवक खुद नशे में था और नशे के कारण व नाली में गिर पड़ा है जिसके कारण उसका पैर टूटा है।
थाना प्रभारी जहांगीराबाद से जानकारी की गयी तो उनका कहना था कि ऐसी घटना की जानकारी मुझे नही है इतना जरुर सुनने में आया है कोई युवक शराब के नशे में नाली में गिर गया था जिससे उसको चोट लगी है। उन्होने यह भी कहा कि अगर शिकायत मिलेगी तो जांच करवाकर कार्यवाही की जायेगी।
