लखीमपुर-खीरी: बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने दुष्कर्म और पाॅक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दुष्कर्म के बाद आठ साल की बालिका की हत्या मामले में थाना पसगवां पुलिस ने रिपोर्ट में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी हैं। डीएम ने एसपी के साथ गांव पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। तीसरे दिन भी एसपी ने पसगवां …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। दुष्कर्म के बाद आठ साल की बालिका की हत्या मामले में थाना पसगवां पुलिस ने रिपोर्ट में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी हैं। डीएम ने एसपी के साथ गांव पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। तीसरे दिन भी एसपी ने पसगवां में कैंप किया और घटना के खुलासे में लगाई गई टीमों से जानकारी ली। आरोपी अभी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।

थाना पसगवां क्षेत्र में रविवार को बकरियां चराने गई अनुसूचित जाति की आठ वर्षीय बालिका के साथ दरिंदे ने हैवानियत की हदें पार कर दीं थीं। दुष्कर्म के बाद उसी की सलवार से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव गन्ने के खेत में डालकर भाग निकला था। उसी दिन देर शाम परिवार वालों को बेटी का शव नग्न अवस्था मे खेत में मिला तो ग्रामीणों में रोष फल गया। दिल को झकझोर देने वाली इस घटना में पुलिस ने पहले सिर्फ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 एबी और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई हैं।

उधर घटना की गंभीरता और प्रदेश की सियासत गरमाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कम्प मचा हुआ है। एसपी विजय ढुल ने तीसरे दिन भी पसगवां में कैम्प किया। गांव के हालातों पर पैनी नजर रखी। खुलासे में लगी पुलिस टीमों से उनकी प्रगति जानी और उन्हें दिशा-निर्देश देते रहे। मंगलवार की सुबह डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया गांव पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। बाद में वह पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कड़ी कार्रवाई कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

एसपी विजय ढुल ने कहा कि मृतका के शरीर पर पाई गईं चोटों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर धारा 376एबी, पाक्सो एक्ट की धारा पांच एम व छह की वृद्धि की गई है। गांव में ऐहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। शव का अंतिम संस्कार परिवार वालों ने कर दिया है। घटना के खुलासे के लिए लगी टीमें अपना काम कर रही हैं। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार