बरेली: एथनॉल प्लांट लगाने वाली चीनी मिलों को मिलेगी सब्सिडी
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप थमते ही सरकार ने एथनाल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गन्ना विभाग को आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि गन्ने से सिर्फ चीनी ही नहीं बल्कि एथनाल को बढ़ावा दिया जाए जो चीनी मिल एथनाल उत्पादन प्लांट लगाएंगी, उसे प्रोत्साहन स्वरूप सब्सिडी …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप थमते ही सरकार ने एथनाल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गन्ना विभाग को आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि गन्ने से सिर्फ चीनी ही नहीं बल्कि एथनाल को बढ़ावा दिया जाए जो चीनी मिल एथनाल उत्पादन प्लांट लगाएंगी, उसे प्रोत्साहन स्वरूप सब्सिडी प्रदान की जाएगी। अफसरों का कहना है कि अभी जिले की किसी भी चीनी मिल ने एथनाल उत्पादन के लिए प्लांट नहीं लगा रखा है। सेमीखेड़ा चीनी मिल में प्लांट स्थापित होने की बात कही गई है।
केंद्र सरकार ने आने वाले समय में पेट्रोल में 20 फीसदी एथनाल के मिश्रण का लक्ष्य तय किया है। ऐसे में एथनाल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से चीनी मिलों को प्रोत्साहित करने की योजना लागू की गई है। इससे आर्थिक संकट झेल रही चीनी मिलें एथनाल प्लांट लगाकर न सिर्फ मुनाफा कमा सकेंगी बल्कि किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान मिल सकेगा। परिक्षेत्र की बात करें तो अभी तक सिर्फ पीलीभीत की एलएच शुगर मिल और शाहजहांपुर की निगोही स्थित मिल का ही एथनाल प्लांट संचालित हो रहा है।
सहकारी क्षेत्र की सेमीखेड़ा चीनी मिल में एथनाल उत्पादन प्लांट लगने की बात कही जा रही है। जिला गन्ना अधिकारी पीएन सिंह का कहना है कि सब्सिडी की धनराशि एथनाल प्लांट की उत्पादन क्षमता के आधार पर प्रदान की जाएगी। फिलहाल सहकारी क्षेत्र की सहकारी चीनी मिल में एथनाल का प्लांट लगना है। अन्य चीनी मिल की ओर से इसके लिए प्रस्ताव प्राप्त होता है तो उसे शासन में भिजवाया जाएगा।
