बरेली: पहले अंडरपास बनेगा फिर बंद होगा कुदेशिया रेलवे फाटक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो-26-फाइल फोटो कुदेशिया फाटक बरेली, अमृत विचार। कुदेशिया रेलवे फाटक को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए पहले यहां अंडरपास का निर्माण होगा। जिसके बाद ही फाटक को बंद किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बता दें कि …

फोटो-26-फाइल फोटो कुदेशिया फाटक

बरेली, अमृत विचार। कुदेशिया रेलवे फाटक को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए पहले यहां अंडरपास का निर्माण होगा। जिसके बाद ही फाटक को बंद किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही रेलवे की एक टीम कुदेशिया फाटक को बंद करने पहुंची थी जहां टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। मामले में नगर विधायक अरुण कुमार ने भी इज्जतनगर डीआरएम आशुतोष पंत से मुलाकात कर फाटक को बंद न करने की अपील की थी। जिसके बाद मंगलवार को डीआरएम ने निरीक्षण भी किया। अफसरों को उन्होंने जरूरी निर्देश दिए हैं।

रेल बोर्ड के आदेश पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर रेल मंडल को 495 रेलवे फाटक बंद करने हैं लेकिन लोगों के विरोध के आगे रेलवे अफसर मजबूर हैं तो दूसरी तरफ राजनीतिक दबाव के चलते इन फाटकों को बंद करना टेड़ी खीर साबित हो रहा है। मौजूदा वक्त में शहर के अंदर की बात करें तो कुदेशिया समेत किला, अलखनाथ, डीआरएम कार्यालय जैसी रेलवे क्रासिंग चालू हैं। रेलवे का तर्क है कि रोडओवर ब्रिज बनने के बाद इनको बंद किया जाना है। लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए अंडर पास और डायवर्जन रोड बनाए जाएंगे।

हार्टमन और मढ़ीनाथ क्रॉसिंग को पहले ही बंद किया जा चुका है। हालांकि, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल में तेजी के साथ रेलवे फाटक बंद किए गए हैं। साल 2006-2007 में जहां इनकी संख्या 1000 थी, वहीं अब घटकर 495 क्रासिंग ही है जो पूरी तरह मानव रहित हैं जिनमें से कुल 232 को इंटरलॉक्ड कर दिया गया है।

मसलन अगर फाटक खुला है तो सिग्नल प्राप्त नहीं होगा। मंडल में बीते तीन सालों में 87 फाटकों को विभिन्न माध्यमों जैसे से बंद किया गया है जिनमें चार ओवर ब्रिज बनाकर, 14 डायवर्जन रोड बनाकर या सीधे और 69 सीमित ऊंचाई के अंडरपास बनाकर बंद किए गए हैं।

सभी रेल क्रॉसिंग को बंद करने की योजना
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे अपनी सभी रेल क्रॉसिंग को बंद करने की योजना बना रहा है। भविष्य में इस पर काम किया जाना है। क्रॉसिंग के विकल्प के तौर पर अंडर पास और ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। साथ ही डाइवर्जन रोड बनेंगे। कुदेशिया रेल फाटक के पास पहले अंडरपास का निर्माण होगा, उसके बाद ही क्रॉसिंग को बंद किया जाएगा।

संबंधित समाचार