बरेली: अब सभी बोर्ड के परिणाम आने के बाद ही स्नातक में होंगे प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सत्र 2020-21 की तरह ही 2021-22 में भी स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश देरी से ही शुरू हो सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी को आदेश दिए हैं कि वह सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दे कि सभी 12वीं के बोर्ड के परिणाम आने के बाद ही प्रवेश शुरू किए जाएं। महात्मा ज्योतिबा फुले …

बरेली, अमृत विचार। सत्र 2020-21 की तरह ही 2021-22 में भी स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश देरी से ही शुरू हो सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी को आदेश दिए हैं कि वह सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दे कि सभी 12वीं के बोर्ड के परिणाम आने के बाद ही प्रवेश शुरू किए जाएं। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने भी अब इसी आधार पर तैयारी शुरू कर दी है। सभी बोर्ड के परिणाम 31 जुलाई तक आने की उम्मीद है, ऐसे में प्रवेश अगस्त और सितंबर माह में ही हो सकेंगे।

रुविवि ने प्रवेश प्रक्रिया की शुरूआत कर दी थी। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रवेश 12वीं के परिणाम के बाद से ही शुरू होंगे। इस बार प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव का भी प्रस्ताव रखा है। इस बार महाविद्यालय छात्रों का प्रवेश लेने के बाद विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कराएंगे जबकि पहले छात्रों को पहले वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होता था और उसके बाद महाविद्यालय में प्रवेश लेना होता था। तभी उनकी सीट लॉक होती थी।

इस बार सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड 12वीं के छात्र बिना परीक्षा के अगली कक्षा में प्रोन्नत किए जा रहे हैं। सभी बोर्ड ने प्रोन्नत करने का फार्मूला भी तैयार कर लिया है। अब जल्द ही पूर्व की कक्षाओं के अंकों के आधार पर परिणाम जारी किए जाएंगे। जुलाई अंत तक परिणाम आने के बाद महाविद्यालयों में प्रवेश होंगे और मेरिट तैयार की जाएगी।

इस बार अधिक संख्या में छात्रों के पास होने से मेरिट भी काफी ऊंची जाने वाली है। ऐसे में छात्रों को अपने पसंदीदा महाविद्यालय में प्रवेश के लिए काफी दौड़ लगानी पड़ेगी। जिस तरह से अधिक संख्या में छात्र पास होंगे, उससे निजी महाविद्यालयों में भी सीटें भरने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार