बदायूं: भूखे थे, शरीर में पड़ गए कीड़े, वृद्ध दंपति को पुलिस ने पहुंचाया वृद्धाश्रम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिल्सी/बदायूं, अमृत विचार। ईंट-भट्ठे की लेवर के लिए बनी कोठरी में वृद्ध दंपति पड़े मिले। इनके शरीर में कीड़े पड़ गए थे और कई दिनों से खाना न मिलने के कारण निढाल थे। पुलिस ने इन्हें अस्पताल पहुंचाया और नहलवाकर, कपड़े और पैसे देकर बांस बरौलिया स्थित वृद्धाश्रम पहुंचा दिया। दोनों बरेली के किसी मोहल्ले …

बिल्सी/बदायूं, अमृत विचार। ईंट-भट्ठे की लेवर के लिए बनी कोठरी में वृद्ध दंपति पड़े मिले। इनके शरीर में कीड़े पड़ गए थे और कई दिनों से खाना न मिलने के कारण निढाल थे। पुलिस ने इन्हें अस्पताल पहुंचाया और नहलवाकर, कपड़े और पैसे देकर बांस बरौलिया स्थित वृद्धाश्रम पहुंचा दिया। दोनों बरेली के किसी मोहल्ले के हैं।

ईंट-भट्ठे की कोठरी में लाचार अवस्था में पड़े वृद्धों को देखकर लोगों ने सूचना क्षेत्राधिकारी बिल्सी अनिरुद्ध कुमार सिंह और कस्बा इंचार्ज केपी सिंह को दी। वे पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वृद्ध दंपति के शरीर पर कई जगह घाव थे। इनमें कीड़े बिलबिला रहे थे। कपड़े भी फटे थे। चलने-फिरने से भी लाचार थे।

वृद्ध को उपचार कराकर वृद्धाश्रम लेकर जाते पुलिसकर्मी।

कस्बा इंचार्ज ने बताया कि यह दंपति बरेली के किसी मोहल्ले के निवासी रामनाथ और उनकी पत्नी शारदा हैं। दोनों की उम्र 60 वर्ष से ऊपर है। उनका एक बेटा ही वहां छोड़ कर चला गया था। करीब 20 साल से यह परिवार बिल्सी में रह रहा था। मंदिर में पूजा-पाठ कर अपना गुजारा करते थे। इस दंपति के दो पुत्र हैं जिनमें एक जिसके पास दोनों रहते थे वह शराबी है।

पुलिस ने इनके पुत्र की खोज कराई लेकिन वह पुलिस पहुंचने के पहले ही फरार हो गया। दूसरा पुत्र जय सिंह बाबा बन गया और इधर-उधर घूमता फिरता है। उसके बारे में यह पता नहीं वह कहां मिलेगा। हालांकि पुलिस उसके बारे में भी जानकारी हासिल कर रही है। बेहद लाचार इस वृद्ध दंपति को पुलिस ने बिल्सी सीएचसी भेजकर इलाज कराया। नए वस्त्र दिए। कस्बा इंचार्ज केपी सिंह ने इन वृद्धों को दो हजार रुपये दिए और उन्हें वृद्धाश्रम पहुंचाया। पुलिस के इस मानवीय चेहरे की लोगों ने सराहना की है।

संबंधित समाचार