बरेली: पूर्व विधायक महिपाल सिंह और उनके भाई पर जानलेवा हमला
बरेली, अमृत विचार। पूर्व विधायक एवं सपा के वरिष्ठ नेता महिपाल सिंह यादव और उनके निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख भाई जगमोहन सिंह पर दबंगों ने सरेराह पीछा कर हमला कर दिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट और लूटपाट की गई। दबंगो ने डराने के लिए फायरिंग की और ब्लॉक प्रमुख के लिए वोट मांगने पर …
बरेली, अमृत विचार। पूर्व विधायक एवं सपा के वरिष्ठ नेता महिपाल सिंह यादव और उनके निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख भाई जगमोहन सिंह पर दबंगों ने सरेराह पीछा कर हमला कर दिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट और लूटपाट की गई। दबंगो ने डराने के लिए फायरिंग की और ब्लॉक प्रमुख के लिए वोट मांगने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने सपा नेताओं के साथ एसएसपी से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव एसएसपी ऑफिस पहुंचे और बताया कि उनके छोटे भाई जगमोहन सिंह निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख हैं और वर्तमान में फिर से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ रहे हैं। जिसके कारण आये दिन लोगों के द्वारा उनको व परिवार को धमकी दी जा रही हैं।
पूर्व विधायक का आरोप है कि वह बुधवार को अपने भाई जगमोहन सिंह और कार चालक बिथरी चैनपुर निवासी अशोक के साथ बरेली आ रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे हाईवे के नवदिया चौराहे के पास से 5-6 कारों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। यह देखकर चालक ने अपनी कार को तेजी से भगाना शुरू कर दिया। ग्रीन पार्क के पास दबंगों ने कार का पीछा करके अपनी कारें सड़क पर लगाकर उन्हें घेर लिया और मारपीट करना शुरू कर दिया।
हमलावरों ने बंदूक, रिवाल्वर और तमंचे निकाल लिए। इस मारपीट के दौरान उनके ड्राइवर अशोक के गर्दन में चोट आई है। बताया कि आरोपियों ने फायर करते हुये धमकी दी कि भुता ब्लॉक में वोट मांगने पर उनके साथ बुरा हो सकता है। जिसके बाद आरोपी कार में रखे 62 हजार रुपये और चालक का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
गुरुवार को महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, अताउर रहमान, विजय पाल सिंह, सत्येंद्र यादव, रविंद्र यादव, गौरव सक्सेना,मयंक शुक्ला मोंटी, जगमोहन सिंह यादव, भूपेंद्र कुर्मी, रईस मियां, दिनेश यादव, एसएसपी से मिले और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
