मुरादाबाद : यूपी पुलिस में शामिल हुए 38 दरोगा, अलीगढ़ के भूपेंद्र कुमार बने सर्वांग सर्वोत्तम
मुरादाबाद, अमृत विचार। फोर्स की कमी से जूझ रही यूपी पुलिस के लिए राहत भरी खबर है। शुक्रवार को इसके बेड़े में 38 नए दरोगा शामिल हो गए। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में एक साल का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण हासिल करने वाले सभी प्रशिक्षुओं का चयन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। फोर्स की कमी से जूझ रही यूपी पुलिस के लिए राहत भरी खबर है। शुक्रवार को इसके बेड़े में 38 नए दरोगा शामिल हो गए। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में एक साल का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण हासिल करने वाले सभी प्रशिक्षुओं का चयन वर्ष 2011 में सीधी भर्ती के तहत हुआ था। डीजी पीटीसी बृजराज ने परेड की सलामी लेने के साथ ही सभी को कर्तव्यपरायणता व अनुशासन की शपथ दिलाई।

कदमताल करते हुए प्रशिक्षु दरोगाओं ने अनुशासन का परिचय दिया। पासिंग आउट परेड के बाद सभी उप निरीक्षकों को चेहरे खिल उठे। हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अलीगढ़ के भूपेंद्र कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। डीजी ने मेडल पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। वर्ष 2011 में शासन ने उप निरीक्षकों की सीधी भर्ती निकाली थी। इसमें मुरादाबाद पीटीसी में प्रशिक्षण हासिल करने के लिए 39 प्रशिक्षुओं का चयन हुआ था।

हालांकि बाद में यह मामला लटक गया। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद करीब एक साल पहले चयनित प्रशिक्षुओं का पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण शुरू हुआ। निर्धारित वक्त पर सभी 39 प्रशिक्षुओं ने आमद दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में एक प्रशिक्षु के लगातार गैर हाजिर रहने के कारण उसे कोर्स से बाहर कर दिया गया था।

चयनित 38 प्रशिक्षुओं को करीब एक साल तक चले इनडोर व आउटडोर विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा साइबर क्राइम, जंगल ट्रेनिंग, विषम परिस्थितियों में भीड़ से निपटने समेत पुलिसिंग की सभी बारीकियां सिखाई गईं।
डीजी पीटीसी ने ली परेड की सलामी
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पासिंग आउट परेड के लिए 25 जून की तारीख मुकर्रर हुई। परेड को लेकर मैदान को भव्य तरीके से सजाया गया। निर्धारित वक्त पर मुख्य अतिथि डीजी पीटीसी ब्रजराज परेड की सलामी लेने पहुंचे। कदमताल करते हुए प्रशिक्षुओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सभी को अनुशासन व कर्तव्य परायणता की शपथ दिलाई। परेड के बाद उन्होंने कहा कि उप निरीक्षक के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी होती है। फरियादियों का भरोसा उन पर होता है, लिहाजा कोई निर्णय लेते समय अपने विवेक का भरपूर प्रयास करें। क्योंकि उनका एक गलत निर्णय पुलिस की भूमिका पर सवाल भी खड़ा कर सकता है। बाद में अलीगढ़ के थाना टप्पल अंतर्गत ग्राम निगुना सिगुना निवासी भूपेंद्र कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। मुख्य अतिथि ने सभी को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान परेड में मौजूद परिजनों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान आईजी पीटीसी शिवशंकर आदि उपस्थित रहे।
