बदायूं: बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
अमृत विचार, बदायूं/कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें विभाग के जेई का पैर टूट गया और तीन अन्य कर्मचारी घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बिजली विभाग …
अमृत विचार, बदायूं/कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के एक गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें विभाग के जेई का पैर टूट गया और तीन अन्य कर्मचारी घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बिजली विभाग से मुकदमा लिखाया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्र में अक्सर ही चोरी से बिजली चलाने की शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बनगढ़ में ज्यादा लोड पड़ने से पिछले एक महीने में चार ट्रांसफार्मर फुंके थे जबकि 25 बिजली कनेक्शन होने पर ट्रांसफार्मर नहीं फुंक सकता। विभाग ने बिजली चोरी का अंदेशा लगाया।
शनिवार को दोपहर लगभग एक बजे बिजली उपकेंद्र पर तैनात जेई सतीश चंद्र अपनी टीम के साथ गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति देखने पहुंचे। जहां कई घरों में बिजली चोरी की जा रही थी। गांव के शुवराती पुत्र सादीन, इमरान इफ्तेदार के घर एक बिजली कनेक्शन से कई घरों की बिजली चलाई जा रही थी। जहां जेई ने घर में चल रही बिजली चोरी की वीडियो बनाई। कर्मचारी कार्रवाई की तैयारी कर रहे थे कि बिजली चोरी करने वाले लोग इकट्ठे होने लगे और टीम को चारों ओर से घेर लिया। टीम पर हमला बोल दिया।
विभाग के कुछ कर्मचारियों को घर में बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि शहर में कचहरी बिजली उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ इमरान के परिवार के युवक ने भी कर्मचारियों को अपने घर में बंधक बनाकर पीटा। जिसमें जेई सतीश चंद्र, टीजीटू विश्वनाथ प्रताप, संविदाकर्मी लाइनमैन अजय, जेई का ड्राइवर हनी चंद्रा घायल हो गए। जेई का पैर टूट गया। बंधकर बनाकर हाथापाई करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। टीम ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर टीम को छुड़ाकर लाई। घायलों को एसडीओ बिनावर विक्रांत सैनी की गाड़ी से जिला अस्पताल लाया गया। हमला करने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी छह महीने पहले भी एक संविदाकर्मी लाइनमैन के साथ मारपीट कर चुके हैं। जिसका समझौता बदायूं कचहरी विद्युत स्टेशन पर तैनात एसएसओ ने कराया था।
ट्रांसफार्मर लगातार फुंक रहा था। स्थिति देखने के लिए मौके पर गया था। गांव में कई लोग बिजली की चोरी कर रहे थे। विभागीय कार्रवाई चल रही थी कि बिजली चोरी करने वाले लोगों ने घेरकर मारपीट की। जिसमें एक विभागीय कर्मचारी अपने कनेक्शन से कईयों के घर बिजली सप्लाई कर रहा है। – सतीश चंद्र, जेई
एक महीने में चार ट्रांसफार्मर फुंकने के चलते टीम गांव बनगढ़ गई थी। बिजली चोरी पकड़े जाने पर आरोपियों ने टीम पर हमला किया। कर्मचारियों का मेडिकल कराया गया है। विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। – विक्रांत सैनी, एसडीओ बिनावर
