बरेली: एसएसपी के जवाब से असंतुष्ट सपा नेता आईजी से मिले
बरेली, अमृत विचार। भाजपा और सपा के बीच बढ़ी तनातनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। आंवला के पूर्व सपा विधायक महिपाल सिंह यादव और उनके पूर्व ब्लाक प्रमुख भाई जगमोहन यादव ने दो दिन पहले भुता से ब्लाक प्रमुख पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पति अर्जुन सिंह पटेल पर असलहों से लैस …
बरेली, अमृत विचार। भाजपा और सपा के बीच बढ़ी तनातनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। आंवला के पूर्व सपा विधायक महिपाल सिंह यादव और उनके पूर्व ब्लाक प्रमुख भाई जगमोहन यादव ने दो दिन पहले भुता से ब्लाक प्रमुख पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पति अर्जुन सिंह पटेल पर असलहों से लैस 20-25 लोगों के साथ हमला कर लूटपाट करने का आरोप लगाया था।
अगले ही दिन सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्या की अगुवाई में एसएसपी से मिले पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक आदि को इस मामले की जांच कराने के साथ ही उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक प्रकरण में कार्रवाई नहीं बढ़ी। इससे नाराज सपा नेता शनिवार को फिर एसएसपी से मिले, लेकिन कोई सकरात्मक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने आईजी से प्रकरण की जांच कर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने बताया भाजपा नेताओं के इशारे पर पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करना चाहती। सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को स्थानीय पुलिस द्वारा बेवजह परेशान किया जा रहा है। इतना ही नहीं पूर्व विधायक और उनके भाई पर हुए मामले को पुलिस अफसर भी गंभीरता से नहीं ले रहे। जबकि जानलेवा हमले के पर्याप्त सबूत हैं। पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव ने बताया पुलिस के अधिकारी भी भाजपा नेताओं के दबाव में है। रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर प्रकरण की जांच कराना तक मुनासिब नहीं समझ रहे।
यही वजह है दूसरी बार एसएसपी से मिलने के बाद भी उनके तरफ से कोई सकरात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। सिर्फ आश्वासन देकर टरकाने की बात कही। लिहाजा, प्रकरण को लेकर आईजी से मिले। जहां से उचित कार्रवाई का आश्वसन मिलने पर सपाई वापस लौट गए। आईजी से मिलने वालों में महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक अताउर्रहमान, विजयपाल, देवेंद्र सिंह, सतेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
