बरेली: तीन महीने में चार आवेदन, अफसर की बढ़ी टेंशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को शादी प्रोत्साहन योजना के लिए लाभार्थी ढूंढे नहीं मिल रहे। तीन महीने में केवल चार लोगों ने ही आवेदन किया है। हालांकि शासन की तरफ से इस बार कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। जितने आवेदन आएंगे पात्रता के आधार पर उनका चयन होगा। योजना के तहत …

बरेली, अमृत विचार। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को शादी प्रोत्साहन योजना के लिए लाभार्थी ढूंढे नहीं मिल रहे। तीन महीने में केवल चार लोगों ने ही आवेदन किया है। हालांकि शासन की तरफ से इस बार कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। जितने आवेदन आएंगे पात्रता के आधार पर उनका चयन होगा।

योजना के तहत अगर लड़का और लड़की दोनों दिव्यांग हैं तो उन्हें 35 हजार रुपये दिए जाएंगे। अगर सिर्फ लड़का दिव्यांग है तो उसे 15 हजार और सिर्फ लड़की दिव्यांग है तो उसे 20 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यह राशि सीधे लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर की जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को अपने विवाह का सर्टिफिकेट आवेदन फार्म में लगाना होता है।

प्रभारी जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी योगेश पांडेय ने बताया लाभार्थी विभाग की वेबसाइट http://divyangjan.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मगर, इन दिनों कोरोना काल में लोग आवेदन करने से बच रहे हैं। दूसरी तरफ, विभागीय अधिकारी बजट भरपूर होने के बाद भी योजना के लाभार्थी नहीं मिलने की वजह से परेशान हैं।

उन्होंने यह भी बताया शादी प्रोत्साहन योजना का लाभ लोगों को मिल सके इसके लिए सभी ब्लॉकों से लाभार्थियों की सूची मांगी गई है लेकिन अभी कम ही लोगों ने आवेदन किया है। उनका सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद उनके खाते में निर्धारित राशि भेज दी जाएगी‌।

संबंधित समाचार