बरेली: गैस घटतौली में घिरे भाजपा नेता को बचाने की तैयारी, दबाव में अधिकारी
बरेली, अमृत विचार। घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस की घटतौली करने में घिरे भाजपा महानगर के महामंत्री को बचाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रकरण में न तो पुलिस कार्रवाई कर रही है और न ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी। पुलिस अधिकारियों ने साफ कह दिया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज …
बरेली, अमृत विचार। घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस की घटतौली करने में घिरे भाजपा महानगर के महामंत्री को बचाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रकरण में न तो पुलिस कार्रवाई कर रही है और न ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी। पुलिस अधिकारियों ने साफ कह दिया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज होगी। जबकि, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि मामले में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हस्तक्षेप कर रहे हैं। इसलिए 36 घंटे के बाद भी जांच के नाम पर अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं।
सिद्धि विनायक गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर लेकर डिलीवर ब्वॉय बारादरी क्षेत्र के फाइक इन्क्लेव कॉलोनी में शनिवार दोपहर पहुंचा था। यह गैस एजेंसी भाजपा महानगर कमेटी के महामंत्री अधीर सक्सेना की है। डिलीवर ब्वॉय ने एक ग्राहक को घरेलू गैस सिलेंडर दिया। ग्राहक ने गैस कम होने के शक में पड़ोस की किराना दुकान पर सिलेंडर की तौल कराई जिसमें 2.5 किलो गैस कम निकली।
ग्राहक की शिकायत पर पूर्ति विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एजेंसी की ट्रॉली को पकड़कर लदे सभी सिलेंडरों की तौल करायी। हर सिलेंडर में 2.5 से तीन किलोग्राम गैस कम निकली। पुलिस ने सिलेंडर से लदी ट्रॉली को बारादरी थाने में ले जाकर खड़ा कर दिया लेकिन 36 घंटे से अधिक होने के बाद भी अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
बोले जिम्मेदार
मामले की जांच की जा रही है। अभी तक इस मामले में हम कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अमित कुमार सिंह, एआरओ (क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी)
अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -नीरज मालिक, थाना प्रभारी बारादरी

गैस की घटतौली पर कांग्रेस हमलावर, रिपोर्ट दर्ज कराने को एसएसपी से मिलेंगे
भाजपा महानगर के महामंत्री की गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का मामला सामने आने के बाद कांग्रेसी हमलावर हो गए हैं। रविवार को कांग्रेस कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता राज शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता की गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडर पर कम गैस देकर जनता से धोखा किया जा रहा है। सत्ता की आड़ लेकर भाजपा नेता ऐसे कालाबाजारी को बढ़ावा दे रहे हैं। एक गैस एजेंसी में जब इतनी बड़ी घटतौली हो रही है तो अन्य एजेंसियों में कितनी घटतौली होती होगी। कांग्रेस इस मामले में एसएसपी से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराएंगी। इस मौके पर जिला प्रभारी जितेंद्र कश्यप, जिला अध्यक्ष असफाक सकलैनी, उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा ,जुनेद हसन, महासचिव जिया उर रहमान, हाजी इस्लाम बब्बू, वसीम अकरम, चेयरमैन इलियास अंसारी, जगदीश राठौर, कमर गनी, ताराचन्द, सलमान कुरैशी, आदित्य सिंह, रामचंद्र कश्यप, आशिफ शेर खान मौजूद रहे।
राशन के इन मामलों में आज तक नहीं हुई कार्रवाई
- बारादरी थाना क्षेत्र के माधोबाड़ी में मंदिर वाली गली में स्थित निजी गोदाम में सरकारी राशन उतारे जाने की सूचना पर 31 जनवरी 2021 में इंस्पेक्टर बारादरी शितांशु शर्मा ने छापा मारकर राशन के कट्टों से भरी टाटा मैक्स को पकड़ा था। गाड़ी में लदे कट्टे सरकारी थे जिनमें भरा चावल सफेद कट्टों में भरकर गोदाम में रखा जा रहा था। खाली हुए सरकारी तमाम कट्टे भी गाड़ी में पड़े हुए थे। इस मामले में गोदाम मालिक नीरज गुप्ता और गाड़ी चालक पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी मगर आज तक पुलिस गोदाम मालिक का पता नहीं लगा सकी है।
- कैंट क्षेत्र के बभिया चौकी इंचार्ज प्रवीण बेनीवाल ने 1 जून 2020 को बभिया में 40 बोरे सरकारी चावल पकड़ा था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी मगर इस मामले में कैंट पुलिस सरकारी राशन की कालाबाजारी करने वालों का पता नहीं लगा सकी है।
- डेलापीर मंडी में 19 अक्टूबर को जिले के कोटेदार पिछले कई दिनों से राशन के उठान को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारी उनकी मांगें नहीं मान रहे थे। कोटेदार डेलापीर मंडी में इसी मंडी से राशन उठाने की बात को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच कोटेदार गोदाम की तरफ पहुंचे तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। कोटेदारों ने बताया कि रिटायर गोदाम प्रभारी दूसरे कट्टों में से सरकारी राशन निकालकर उनमें कंकड़ और मिट्टी मिला रहा था। गोदाम प्रभारी को इज्जतनगर पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी बचाकर ले गए थे।
