भारत नहीं UAE में होगा टी-20 वर्ल्ड कप, कोरोना संकट के चलते BCCI ने किया ऐलान
नई दिल्ली। कोविड-19 ने भारत से टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी छीन ली है। कोरोना के चलते बीसीसीआई ने टी-20 वर्ल्ड कप को भारत की बजाय यूएई में कराने का फैसला लिया है। बीबीसीआई के सेक्रेट्री जय शाह ने कहा कि जल्द ही आईसीसी को इसकी जानकारी देने वाले हैं कि T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप …
नई दिल्ली। कोविड-19 ने भारत से टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी छीन ली है। कोरोना के चलते बीसीसीआई ने टी-20 वर्ल्ड कप को भारत की बजाय यूएई में कराने का फैसला लिया है। बीबीसीआई के सेक्रेट्री जय शाह ने कहा कि जल्द ही आईसीसी को इसकी जानकारी देने वाले हैं कि T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप को यूएई शिफ्ट कर रहे हैं। तारीखों का ऐलान आईसीसी करेगी।

बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 के कारण स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए टी20 विश्व कप का आयोजन भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किया जाएगा। यह टूर्नामेंट अक्टूबर – नवंबर में आयोजित किया जाएगा।

गांगुली ने कहा, ”हमने आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) को आधिकारिक तौर पर बता दिया है कि टी20 विश्व कप को संयुक्त अरब अमीरात में स्थानान्तरित किया जा सकता है। इस बारे में ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। ” आईसीसी ने इस महीने के शुरू में बीसीसीआई को यह फैसला करने और उसे सूचित करने के लिये चार सप्ताह का समय दिया था कि कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए क्या भारत इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर सकता है।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को स्थगित किये जाने के बाद ऐसी संभावना बन गयी थी। आईपीएल के बाकी बचे मैचों का आयोजन भी सितंबर-अक्टूबर में यूएई में ही होगा

रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई में अबु धाबी, शारजाह और दुबई टी 20 विश्व कप के मैचों की मेजबानी करेंगे। वहीं, रांउड एक के मुकाबले ओमान में कराए जाएंगे। पिछले साल कोरोना महामारी के चलते आईसीसी ने ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तावित 2020 के टी20 विश्व कप को स्थगित कर दिया था। बाद में आईसीसी ने यह फैसला किया था कि भारत में 2021, जबकि ऑस्ट्रेलिया में 2022 का संस्करण खेला जाएगा।

राउंड एक में आठ टीमों के बीच 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें से चार (प्रत्येक ग्रुप से टॉप दो) सुपर-12 के लिए क्वालिफाई करेंगी। इस राउंड में बांग्लादेश, श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड्स, स्कॉटलैंड, नामीबिया, ओमान, पापुआ न्यू गिनी खेलेंगे, जिसमें से चार टीमें टॉप आठ रैंकिंग वाली टी20 इंटरनेशनल टीमों में शामिल होकर सुपर 12 में पहुंचेंगी।

वहीं, सुपर-12 में कुल 30 मैच होंगे, जिसकी शुरुआत 24 अक्टूबर से होगी। यहां पर 12 टीमें दो ग्रुप में बंटी हुई होंगी। इनके मैच दुबई, अबु धाबी और शारजाह में खेले जाएंगे। इसके बाद दो सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले जाएंगे।
