मुरादाबाद : रामगंगा नदी से बरामद हुआ बालक का शव, कई घंटे चला रेस्क्यू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रामगंगा नदी के पास से गायब हुए बच्चे का पता सोमवार को चल गया। कई घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद टीम ने बच्चे का शव इमलाक ऊंचा गांव के पास नदी से निकाला। वहीं बालक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए …

मुरादाबाद, अमृत विचार। रामगंगा नदी के पास से गायब हुए बच्चे का पता सोमवार को चल गया। कई घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद टीम ने बच्चे का शव इमलाक ऊंचा गांव के पास नदी से निकाला। वहीं बालक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा रविवार को कटघर थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी पर हुआ था।

बुलंदशहर जिले के नरसैना थाना क्षेत्र के ग्राम खंडोई निवासी सतपाल हर साल गंगा मंदिर के अलाव बुजपुर में पूजा-अर्चना करने के लिए आते हैं। रविवार को सतपाल सिंह व उनके परिवार के अन्य सदस्य करीब 22 लोगों के साथ पूजा करने के लिए कटघर स्थित गंगा मंदिर आए थे। यहां से पूजा अर्चना करने के बाद उनकी बुजपुर जाने की तैयारी थी। परिजन मंदिर में भेली चढ़ाने चले गए, इस बीच सतपाल का छोटा बेटा आशू (8) बच्चों के साथ खेलते हुए रामगंगा नदी की ओर चला गया।

इसके बाद वह लापता हो गया, परिजनों का जब ध्यान गया तो उन्होंने आशु की तलाश शुरू कर दी। नदी किनारे कपड़े मिलने पर घबराए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रविवार की देर रात तक नदी में उसे तलाश किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को दिन निकलने के साथ ही बालक की बरामदगी के लिए एसडीआरएफ की टीम को दोबारा लगाया गया। टीम ने सुबह करीब सात बजे से रेस्क्यू शुरू किया, घंटों नदी खंगालने के बाद टीम को घटनास्थल से कुछ दूरी पर इमलाक ऊंचा गांव में सफलता मिली।

टीम ने झाड़ियों के पास नदी से बच्चे का शव निकाला। इस दौरान परिजन भी लगातार रेस्क्यू पर निगाहें लगाने के साथ ही आशु के सकुशल बरामद होने की प्रार्थना कर रहे थे। कटघर एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार