बरेली: बरेली ऑफीसर्स क्लब में ‘बार’ खुलेगा या नहीं, अधिकारी करेंगे मंथन
बरेली, अमृत विचार। एलन क्लब का नाम बदलकर बरेली ऑफीसर्स क्लब रखने के बाद जिला प्रशासन अब क्लब को शुरू कराने की रूपरेखा तैयार कर रहा है। सबसे अहम बात, बार को पुन: चालू कराना है। एलन क्लब में ताले पड़ने के साथ उसमें संचालित बार भी बंद हो गया था। अब क्लब पर पूरी …
बरेली, अमृत विचार। एलन क्लब का नाम बदलकर बरेली ऑफीसर्स क्लब रखने के बाद जिला प्रशासन अब क्लब को शुरू कराने की रूपरेखा तैयार कर रहा है। सबसे अहम बात, बार को पुन: चालू कराना है। एलन क्लब में ताले पड़ने के साथ उसमें संचालित बार भी बंद हो गया था। अब क्लब पर पूरी तरह से अधिकारियों का कब्जा है। जिसमें पुलिस प्रशासनिक अधिकारी जुड़े हैं। ऐसे में क्लब में बार कैसे खोला जाए इसको लेकर अधिकारी मंथन करेंगे। नयी कमेटी के निर्णय पर बार का फैसला होगा। यह क्लब अधिकारियों का है कहीं बार छवि न बिगाड़ दे, कमेटी इस बिंदु पर भी विचार करेगी लेकिन क्लब का राजस्व बढ़ाने को बार खोलने की अनुमति दी जा सकती है।
अनुमति के बाद नए सिरे से लाइसेंस लेने की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ेगी। क्लब की नयी कमेटी के पदाधिकारियों की जल्द बैठक बुलाए जाने की बात सामने आयी है। क्लब के उपाध्यक्ष/जिलाधिकारी नितीश कुमार ने करीब सप्ताह भर पहले सचिव/नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को क्लब के नाम से नया खाता खुलवाने के निर्देश दिए हैं। पहले एलन क्लब के सेविंग एकाउंट (कस्टमर आईडी 477202) नाम से खाता यश बैंक में संचालित होता था। इसे बंद करने की तैयारी चल रही है।
क्लब का संचालन शुरू कराने के साथ सबसे पहले उसकी आय के स्रोत को लेकर अधिकारी विचार विमर्श करेंगे। क्लब के पदाधिकारियों की जल्द होने वाली बैठक में क्लब को शादी समारोह, जन्मदिन पार्टी और खेलों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन कराने के लिए किराए पर देने के लिए निर्धारित शुल्क तय करने पर विचार होगा।
बता दें कि एलन क्लब का नाम बदलकर बरेली ऑफीसर्स क्लब के नाम से सोसायटी का गठन कर 12 फरवरी को इसका पंजीकरण सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटी तथा चिट्स, सिविल लांइस में कराया गया। पंजीकरण संख्या बीएआर/08528/2020-2021 है। इधर, जिलाधिकारी नितीश कुमार का कहना है कि क्लब को संचालित कराने की रूपरेखा तैयार करायी जा रही है। कोरोना काल में क्लब बंद हैं। इसलिए ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। जल्द कमेटी की बैठक बुलाकर कुछ बिंदुओं पर निर्णय लिये जाएंगे।
सार्वजनिक नहीं की है क्लब की नयी कमेटी
भले ही अधिकारियों ने क्लब का नाम बरेली ऑफीसर्स क्लब रखने के बाद नयी कमेटी भी बना ली लेकिन अधिकारियों ने नयी कमेटी को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया है। कमेटी के पदाधिकारियों के नाम सार्वजनिक न करने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। चर्चा यहां तक है कि अधिकारियों को डर लग रहा है कि नाम सार्वजनिक होते ही पूर्व कमेटी के पदाधिकारी विरोध कर सकते हैं। नयी कमेटी में पुरानी कमेटी के एक भी पदाधिकारी का नाम शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, सदस्यों में उनके नाम शामिल किए जा रहे हैं। जिन्होंने लीगल तरह से क्लब की सदस्यता ली थी।
ये हैं नयी कमेटी के पदाधिकारी
बरेली ऑफीसर्स क्लब की नयी कमेटी में अध्यक्ष मंडलायुक्त, उपाध्यक्ष जिलाधिकारी, नगर आयुक्त सचिव हैं। कोष का जिम्मा मुख्य कोषाधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर संयुक्त सचिव बनाए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में बीडीए उपाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर नगर आयुक्त, नगर मजिस्ट्रेट को शामिल किया गया है। 13 सदस्यीय कमेटी में प्रमुख अधिकारियों को ही जगह मिली है। पूर्व कमेटी के एक भी पदाधिकारी को जगह नहीं दी गई।
2019 में शासन ने रद कर दिया था लीज पट्टा
अंग्रेजी हुकूमत में नगर निगम के सामने वर्ष 1931 में एलन क्लब के नाम से 30 साल के लिए भूमि लीज पर दी गई थी। 1998 में लीज खत्म हो गई थी। स्थानीय प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन ने नवंबर, 2019 को लीज पट्टा रद करा दिया था। इसके बाद से क्लब की संपत्ति जिला प्रशासन के कब्जे में है। पूर्व में एलन क्लब पर पूंजीपतियों का ज्यादा दखल था।
