शिलाई जीप हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 11, मोदी बोले- दुखद और दर्दनाक घटना…
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के टिम्बी-मिल्ला मार्ग पर कोटी उतरोऊ कैंची मोड़ पर रविवार देर शाम हुये जीप हादसे के एक और घायल के आज दम तोड़ देने से इस घटना के मृतकों की संख्या 11 हो गई है। पुलिस ने बताया कि हादसे में गम्भीर रूप से घायल चढेउ …
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के टिम्बी-मिल्ला मार्ग पर कोटी उतरोऊ कैंची मोड़ पर रविवार देर शाम हुये जीप हादसे के एक और घायल के आज दम तोड़ देने से इस घटना के मृतकों की संख्या 11 हो गई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में गम्भीर रूप से घायल चढेउ निवासी अक्षय (21) की पीजीआई अस्पताल चंडीगढ़ में मौत हो गई है। बारातियों को ले जा रही इस जीप के खाई में गिरने से इसमें सवार नौ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था जबकि एक अन्य की सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई थी। अब इस घटना का एक ही घायल बचा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना में 11 लोगों की मौत होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट कर लिखा है कि हिमाचल के शिलाई उपमंडल में हुई दुर्घटना दुखद और दर्दनाक है। देश की समवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है।
उन्होंने राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को पचास हजार रुपये अनुग्रह राशि देने की बात कही है। उनके अलावा भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी ट्वीट कर शोकाकुल परिजनों के प्रति समवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
