बरेली: घर के बाहर खेल रहे बच्चे का किला नदी में मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर के सैदपुर हाकिंस में चार साल के बच्चे का शव किला नदी में मिला है। वह सोमवार की शाम को घर के बाहर खेलते वक्त गायब हो गया था। रात भर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह शव नदी में उतराता मिला तो परिजनों …

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर के सैदपुर हाकिंस में चार साल के बच्चे का शव किला नदी में मिला है। वह सोमवार की शाम को घर के बाहर खेलते वक्त गायब हो गया था। रात भर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह शव नदी में उतराता मिला तो परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे की मौत डूबने से हुई है या कोई और वजह इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चल सकेगा।

सैदपुर हाकिंस की नई बस्ती में रहने वाले पप्पू उर्फ इसरार मांझा कारीगर हैं। उनका चार वर्षीय बेटा मो. कासिम सोमवार की शाम करीब 6 बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। खेलते-खेलते काफी देर तक जब कासिम घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने पड़ोस में पूछा लेकिन उसका पता नहीं चला। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

कासिम की मौत के बाद विलाप करती परिवार की महिलाएं

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे पास में किला नदी में कासिम के शरीर का कुछ हिस्सा दिखाई दिया। कासिम के चाचा भूरा ने बताया कि पास जाकर जब देखा तो कोहनी और कान पानी में ऊपर दिखाई दे रहे थे। लकड़ी से जब हटाया तो वह कासिम का शव था। बच्चे का शव देखते ही कासिम की मां शाहबजादी कर बेहोश हो गईं। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

कासिम। फाइल फोटो

कुछ समय पहले ही चलना शुरू किया था कासिम ने
परिजनों ने बताया कि कासिम की तबियत अक्सर खराब रहती थी। इसकी वजह से उसने काफी देर से चलना शुरू किया था। उसके चलने के बाद घर में रौनक बढ़ गई थी। वह अक्सर पास की दुकान से अपने लिए कुछ खरीदने के लिए भी चला जाता था। वहीं मंगलवार की शाम कासिम खेलते-खेलते कब लापता हो गया परिजनों को खबर तक नहीं लग सकी।

कासिम की छोटी बहन मिसबाहनूर(2) की है। कासिम की दादी खुर्शीद नाती की मौत के बाद सदमे में हैं। किला नदी में डूबने के पहले भी हादसे हो चुके हैं। पिछले वर्ष भी इलाके के रहने वाले अजीम(15) की मौत हो गई थी। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।

संबंधित समाचार