मुरादाबाद: अवैध वसूली हादसे में टीआई को जेल, तीन आरोपियों की तलाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र के गांव गिन्नौर देय माफी के पास 28 जून की सुबह पिकअप और बस की टक्कर में यातायात पुलिस के एक सिपाही समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मझोला थाने में गैर इरादतन हत्या और अवैध वसूली की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र के गांव गिन्नौर देय माफी के पास 28 जून की सुबह पिकअप और बस की टक्कर में यातायात पुलिस के एक सिपाही समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मझोला थाने में गैर इरादतन हत्या और अवैध वसूली की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। सोमवार को ही पुलिस ने घटना के लिए जिम्मेदार आरोपी टीआई धर्मेंद्र राठौर को निजी वाहन से भागते समय संभल रोड से पकड़ लिया था। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सुरेश के भाई शिव सागर निवासी जादोपुर पट्टी थाना देवरिया कलां, जनपद पीलीभीत की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद मामले में नामजद किए गए टीआई धर्मेंद्र सिंह राठौर के साथ ही सिपाही ब्रज किशोर गिरी, सिपाही नरेंद्र यादव, चालक अनिल कुमार व होमगार्ड जितेंद्र और रोहित के खिलाफ मझोला थाने में गैर इरादतन हत्या और अवैध वसूली की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

इस दुर्घटना में सिपाही बृज किशोर गिरी की मौत हो गई थी, जबकि इंटरसेप्टर गाड़ी के घायल सिपाही अनिल कुमार का अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मुख्य आरोपी टीआई धर्मेंद्र सिंह राठौर को सोमवार को ही मैनाठेर थाना क्षेत्र में संभल रोड से पकड़ लिया गया था। पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल सिपाही नरेंद्र कुमार तथा होमगार्ड जितेंद्र व रोहित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मुंह छिपाता रहा आरोपी टीआई
चिकित्सीय परीक्षण के लिए आरोपी यातायात निरीक्षक धर्मेंद्र राठौर को लेकर मझोला पुलिस जिला अस्पताल पहुंची तो वहां मीडिया का जमावड़ा लग गया। इस दौरान उसने चेहरे पर सफेद गमछा लपेट रखा था। वह मीडिया से मुंह छिपाता रहा। उससे बात करने का प्रयास किया तो उसने एक शब्द भी नहीं बोला।

तीन अन्य आरोपियों को नहीं तलाश सकी पुलिस
इस घटना में शामिल एक आरक्षी व दो होमगार्ड अभी भी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है। लेकिन, तीनों हाथ नहीं आ सके हैं। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घायलों को डिस्चार्ज कराकर ले गए परिजन
मझोला थाना क्षेत्र के गिन्नोर देय माफी गांव के पास हुए सड़क हादसे में 19 लोग घायल हुए थे। इनमें से कई की हालत बेहद गंभीर थी। जानकारी मिलने पर मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे उनके परिजन घायलों को डिस्चार्ज कराकर अपने साथ ले गए। उनका कहना था कि इतनी दूर घायलों का उपचार कराने में उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। इसलिए वह घायलों का अपने किसी नजदीकी अस्पताल में उपचार कराएंगे।

एसपी ट्रैफिक को सौंपी गई विभागीय जांच
सोमवार को मझोला थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे की जांच एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार को सौंपी गई है। एसएसपी पवन कुमार ने बताया कि एसपी ट्रैफिक इस मामले की विभागीय जांच करेंगे।

संबंधित समाचार