बदायूं: सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। थाना वजीरगंज, उसावां और मूसाझाग क्षेत्र में हुईं सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। गांव जटपुरा झाड़ू निवासी नरेश (40) पुत्र पूरन सिंह थाना बिल्सी के गांव शहबाजपुर में अपने साले कुंवरसेन के …

बदायूं, अमृत विचार। थाना वजीरगंज, उसावां और मूसाझाग क्षेत्र में हुईं सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।

गांव जटपुरा झाड़ू निवासी नरेश (40) पुत्र पूरन सिंह थाना बिल्सी के गांव शहबाजपुर में अपने साले कुंवरसेन के यहां एक समारोह में पांच दिन पहले आए थे। मंगलवार की शाम को अपने साले व रिश्तेदारों के साथ थाना वजीरगंज के गांव कादरनगर एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। हैडेल के पास विपरीत दिशा से आए एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी जिसमें नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही नरेश ने दम तोड़ दिया।

उधर थाना उसावां क्षेत्र के गांव मरौरी और असधरमई के बीच देर रात हुई सड़क दुर्घटना में गांव असधरमई निवासी नरेंद्र सिंह (52) पुत्र हुकुम सिंह की मौत हो गई। नरेंद्र मेंथा फैक्ट्री पर अपने खेत की शिवाली का तेल निकलवाने गए थे। पिराई में समय लगने पर वह फैक्ट्री से अपने गांव खाना खाने जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब नरेंद्र सिंह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के सदस्य उनकी तलाश में निकले। नरेंद्र का शव सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा मिला। परिवार ने पुलिस को फोन करके सूचना दी।

एक अन्य मामले में मंगलवार देर रात थाना मूसाझाग क्षेत्र में बाइक सवार गांव गिधौल निवासी वीरेंद्र (25) पुत्र विद्याराम को गांव गिलौर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वीरेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

संबंधित समाचार