धर्मांतरण: गिरफ्तार सलाउद्दीन को लाया गया लखनऊ, खुल सकते हैं कई और राज
लखनऊ। यूपी में अवैध धर्मांतरण के आरोपी मौलाना उमर गौतम और जहांगीर आलम के सहयोगी सलाहुद्दीन शेख को गुजरात से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एटीएस शुक्रवार को लखनऊ लेकर आ गयी। यहां उससे धर्मांतरण से जुड़े कई मामलों में पूछताछ की जायेगी। ऐसे में कल दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया जा सकता …
लखनऊ। यूपी में अवैध धर्मांतरण के आरोपी मौलाना उमर गौतम और जहांगीर आलम के सहयोगी सलाहुद्दीन शेख को गुजरात से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद एटीएस शुक्रवार को लखनऊ लेकर आ गयी। यहां उससे धर्मांतरण से जुड़े कई मामलों में पूछताछ की जायेगी। ऐसे में कल दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया जा सकता है। जहां एटीएस सलाउ्ददीन की रिमांड के लिए अपील करेगी।
वहीं कोर्ट ने धर्मांतरण मामले में पहले गिरफ्तार किए गये तीन अन्य आरोपियों इरफान शेख, अब्दुल मन्नान व राहुल भोला की पांच दिनों की रिमांड मंजूर की है। एटीएस के विवेचक अनिल कुमार विश्वकर्मा के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लखनऊ ने तीनों की पांच दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की। हालांकि एटीएस ने सात दिनों की रिमांड मांगी थी। रिमांड अवधि दो जुलाई सुबह 11 बजे से शुरू होकर सात जुलाई को सुबह 11 बजे तक रहेगी। रिमांड पर पूछताछ के दौरान एटीएस को इरफान शेख से अहम सूचनाएं मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि मूक बधिर बच्चों का धर्म परिवर्तन कराने में इरफान की महत्वपूर्ण भूमिका का पता चला है। वह ऐसे बच्चों का ब्रेनवॉश करने में माहिर है। इस बीच अहमदाबाद से गिरफ्तार उमर गौतम के सहयोगी सलाहुद्दीन जैनुद्दीन शेख से हवाला रैकेट के बारे में कुछ अहम जानकारी मिलने की संभावना है। दरअसल एटीएस ने बीते 20 जून को अवैध धर्मान्तरण कराने वाले दो व्यक्तियों को दिल्ली के जामिया से गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण की जांच के क्रम में यूपी एटीएस ने तीन अन्य व्यक्तियों को 28 जून को गिरफ्तार किया। उमर गौतम,आईडीसी (इस्मालिक दावा सेंटर) संस्था व अन्य नाम पता अज्ञात, थाना-एटीएस, लखनऊ में दर्ज किया गया था।
धर्मांतरण में हवाला के पैसे का हुआ इस्तेमाल
दरअसल एटीएस को जानकारी मिली है कि हवाला के जरिए मोहम्मद उमर गौतम को पैसे भी भेजे हैं। इस आधार पर एटीएस को आशंका है कि धर्मांतरण गिरोह को हवाला से भी पैसे मिलते रहे हैं। तीन दिन पहले गुजरात एटीएस के सहयोग से गिरफ्तार किए गये सलाहुद्दीन शेख के कब्जे से मिले आईपैड और मोबाइल फोन की भी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी,जिससे कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
