राफेल को लेकर सियासत गर्माई, भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, कहा- झूठ और भ्रम की पर्यायवाची बन चुकी कांग्रेस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा है कि राफेल सौदे को लेकर कांग्रेस ने झूठ बोला है और भ्रम फैलाने की कोशिश की है। शनिवार को यहां भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “कांग्रेस पार्टी आज झूठ और भ्रम की पर्यायवाची बन चुकी है। …

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा है कि राफेल सौदे को लेकर कांग्रेस ने झूठ बोला है और भ्रम फैलाने की कोशिश की है। शनिवार को यहां भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “कांग्रेस पार्टी आज झूठ और भ्रम की पर्यायवाची बन चुकी है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर जो भ्रम फैलाने की कोशिश की थी, वह भी उनके काम नहीं आई थी। जनता की अदालत में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहुत बड़ी जीत हुई और हमारी सरकार बनी।”

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राफेल की कीमत को लेकर बार-बार अपने बयान बदले हैं। संबित पात्रा ने कहा कि फ्रांस में एक गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) ने राफेल सौदे को लेकर शिकायत की है और उसके लिए वहां एक मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है। इस पूरे प्रकरण को लेकर श्री गांधी और कांग्रेस जिस प्रकार से राजनीति आरंभ कर रहे हैं, यह दुःखद है। उन्होंने आगे कहा कि जहां तक जांच की बात है तो भारत के सर्वोच्च न्यायालय और नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने राफेल को लेकर अपनी रिपोर्ट को जनता के बीच रखा है। हिंदुस्तान की जनता ने इन दोनों रिपोर्ट को देखा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “राफेल सौदे को लेकर जांच की जाएगी। यह स्वाभाविक है। किसी (एनजीओ ) ने फ्रांस की कोर्ट में शिकायत की थी, इस जांच को भ्रष्टाचार की नज़र से देखना ठीक नहीं है।” उल्लेखनीय है कि राफेल सौदे को लेकर फ्रांस सरकार द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बाद कांग्रेस ने आज प्रधानमंत्री मोदी से संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से इस सौदे की जांच कराने की मांग की है। वर्ष 2016 में भारत के साथ करीब 59 हजार करोड़ रुपये के इस सौदे में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।

संबंधित समाचार