बाराबंकी: सपा के गढ़ में भाजपा ने लहराया का परचम, राजरानी को ऐसे मिली जीत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले जिले में भाजपा ने अपना जिला पंचायत अध्यक्ष जीता कर सपा को चारो खाने चित कर दिया। इस जीत के बाद विपक्षी खेमे में बौखलाहट का माहौल है, क्योंकि भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत, सपा के कई जिला पंचायत सदस्यों को तोड़ कर अपने पाले में करने में …

बाराबंकी। समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले जिले में भाजपा ने अपना जिला पंचायत अध्यक्ष जीता कर सपा को चारो खाने चित कर दिया। इस जीत के बाद विपक्षी खेमे में बौखलाहट का माहौल है, क्योंकि भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत, सपा के कई जिला पंचायत सदस्यों को तोड़ कर अपने पाले में करने में कामयाब होते हुऐ कुल 57 जिला पंचायत सदस्यों में से 48 मत हासिल कर लिये। जिला कलेक्ट्रेट में शनिवार सुबह 11 बजे सुबह हुई जिला पंचायत सदस्यों की मतदान प्रक्रिया दोपहर 2 बजे पूरी हो गयी।

इस दौरान सपा नेताओं को आभास हो गया था कि, बाज़ी उनके हाथ से निकल गयी है, और सभी वरिष्ठ नेता गायब हो गये। लेकिन सपा प्रत्याशी नेहा सिंह आनंद के भाई लगातार अपनी बहन के लिये बाहर गेट पर डटे रहे। एक्का दुक्का सपाई आसपास दिखे लेकिन यह बात साफ हो गयी थी की अगर नेहा सिंह दहाई का आकड़ा भी पार कर ले तो शायद मजबूत स्थिति कहने को हो जायेगी। क्योंकि जिस प्रकार सत्ता पक्ष के उम्मीदवार ने चक्रव्यूह रचा था उसे तोडना विपक्षी खेमे के बस की बात नहीं थी। सपा प्रत्याशी के लिये सिर्फ पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप ने ही कमर कसी हुई थी।

नेहा आनंद का पूरा चुनाव उनकी वजह से वजूद में रहा, यह कहना कोई अतिश्योक्ति नहीं होा। गोप की ज़बरदस्त पकड़ की बदौलत ही राजरानी निर्विरोध चुनाव नहीं जीत सकी, वहीं अरविन्द सिंह गोप की रणनीति के दम पर सपा के ऊपर हथियार डालने का कलंक भी नहीं लगा। जबकि सपा प्रत्याशी भितरघात का सामना भी करना पड़ा जिसका प्रणाम है कि, एक दर्जन से अधिक सीट जीतने वाली सपा के प्रत्याशी को मात्र 9 वोट मिलना।

सत्ता पक्ष का दिखा ज़लवा
बाराबंकी। भाजपा खेमा पूरे पॉवर में दिखा, जिसके गन्ना संस्थान में लगे कैंप में दिग्गजो का जमावड़ा रहा, इतना ही नहीं यहां सपा और निर्दलीय जिला पंचायत सदस्यों की भी मौजूदगी रही। सभी को एक-एक करके मतदान के लिये भेजे जाने के दिशा निर्देश यही से जारी हो रहे थे। जहाँ मुख्यरूप से मौजूद भाजपा नेता और पदाधिकारियो में भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, सांसद उपेन्द्र सिंह रावत, विधायक शरद अवस्थी, साकेंद्र वर्मा, सतीश शर्मा, बैजनाथ रावत, सुधीर सिंह सिद्धू, सुरेन्द्र वर्मा, अवध रस्तोगी, रामप्रकाश श्रीवास्तव समेत सैकड़ो दिग्गज नेताओ और हज़ारो कार्यकर्ताओ की मौजूदगी रही।

सबका साथ सबका विकास मेरा दायित्व : राजरानी
जिला पंचायत अध्यक्ष पर शानदार जीत हासिल करने के बाद उनको जिलाधिकारी से मिले प्रमाण-पत्र के बाद मीडिया से रूबरू होते हुऐ राजरानी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तर्ज़ पर सबका साथ सबका विकास मेरे कार्य का आधार होगा। अपना दायित्व निभाते हुऐ बिना भेदभाव के अपने पद का निर्वहन करुँगी। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत ने उनका फूल-माला पहनाते हुऐ वंदन किया, जिसके बाद भाजपाइयों के जयकारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूँज उठा। यहां भुल्लन वर्मा, अल्का पटेल समेत कई भाजपा के दिग्गज मौजूद रहे।

छः महीने बाद आएंगे अखिलेश
जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव हारने के बाद नेहा सिंह आनंद ने समाजवादी पार्टी की तरफ से बयान जारी करके सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नीति-रीति और सिद्धांतो पर चल कर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का वादा किया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने एकदम नयी होने के बावजूद मुझे इतना बड़ा मौका दिया जाने से सपा संगठन, जिलाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप का आभार व्यक्त करती हूँ। 2022 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की बात कही। इससे पहले मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद कक्ष से बाहर निकली नेहा सिंह आनंद को मीडिया ने घेर लिया लेकिन सिर्फ यह कहते हुऐ वहां से चली गयी कि, छः महीने बाद अखिलेश की सरकार आएगी।

मैने उतार-चढ़ाव बहुत देखे कोई दुख नहीं – रामसागर

चार बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके रामसागर रावत सपा के सबसे पुराने चेहरों में से एक है। इस बार उनके जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ने और फिर जीतने के बाद भी जिला पंचायत अध्यक्ष का सपा से उम्मीदवार माना जा रहा था। लेकिन टिकट नहीं मिल सका। दोपहर एक बजे अपना वोट देने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुऐ उन्होंने बताया कि, अगर मुझे इस पद का उम्मीदवार बनाया जाता तो मेरे पास बाहर से भी समर्थन था और मै यह चुनाव जीत लेता, लेकिन अब युवा मैदान में है, युवाओं को पुराने लोगो से बातें साँझा करनी चाहिये लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने मीडिया के सवालो का जवाब देते हुऐ कहा कि चुनाव के बारे में पूरा जिला जनता है, मैंने जीवन में बहुत से उतार-चढ़ाव देखे टिकट नहीं मिलने का मुझे कोई दुख नहीं है। कौन जीतेगा, इस सवाल का कुटिल मुस्कान के साथ जवाब दिया सपा जीतेगी, यह कह कर चले गये

संबंधित समाचार