बरेली: बुलेट नहीं मिलने पर पति ने तीन तलाक देकर निकाला
बरेली, अमृत विचार। कैंट थानाक्षेत्र के एक गांव का दहेज के लिए गर्भवती पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। किसी तरह से महिला ने अपनी जान बचाई। पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने एडीजी से मामले की शिकायत की। जिसके बाद कैंट पुलिस …
बरेली, अमृत विचार। कैंट थानाक्षेत्र के एक गांव का दहेज के लिए गर्भवती पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। किसी तरह से महिला ने अपनी जान बचाई। पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने एडीजी से मामले की शिकायत की। जिसके बाद कैंट पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कैंट के मोहनपुर गांव की रहने वाली नाजिया ने बताया कि उसका निकाह 12 नवंबर 2020 को सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सनइया धान सिंह के रहने वाले नदीम के साथ हुआ था। आरोप है कि उसके पति समेत ससुराल के अन्य लोग शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे। जिसके बाद उसे प्रताड़ित कर मारपीट करने लगे। आरोप है कि उसका पति मायके से बुलेट गाड़ी लाने की मांग कर रहे थे।
महिला ने जब बुलेट लाने से इंकार किया तो आरोप है कि ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट कर जिंदा जलाने का प्रयास किया। जिसके बाद किसी तरह उसने भागकर अपनी जान बचाई। उसके बाद पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, जेठ समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
