हल्द्वानी: दोस्तों के साथ घूमने आया बरेली का युवक गौला नदी में डूबा
हल्द्वानी, अमृत विचार। नहाने के दौरान काठगोदाम गौला पुल के पास गौला नदी में एक युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। जानकारी के अनुसार समसूद्दीन गली थाना किला मण्डी जनपद बरेली निवासी 21 …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नहाने के दौरान काठगोदाम गौला पुल के पास गौला नदी में एक युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।
जानकारी के अनुसार समसूद्दीन गली थाना किला मण्डी जनपद बरेली निवासी 21 वर्षीय अरबाज पुत्र सुलतान रविवार को यहां अपने चार दोस्तों के साथ घूमने आया था। दोपहर में चारों दोस्त काठगोदाम पुल के पास गौला नदी में नहाने उतर गए। इस बीच अरबाज गहराई में चला गया और डूबने लगा। यह देख साथियों ने शोर मचा दिया। इस पर आस-पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने युवक को बचाने का प्रयास किया। लेकिन पानी गहरा होने के चलते वह उसे बचाने में नाकाम रहे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
इस बीच मौके पर पहुंचे जल पुलिस के जवान मनोज बहुखंडी ने नदी में डूबे युवक को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि जिस स्थान पर युवक डूबा उसकी गहराई करीब 15 फीट के आस-पास थी। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिवारजनों को दे दी है।
-काठगोदाम गौला नदी में लोगों के डूबने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व में भी कई लोग नदी में डूब चुके हैं, लेकिन पुलिस ने गौला पुल के आस-पास सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं किए हैं। जिसके चलते आए दिन इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं।
