बरेली: प्रधान से मोबाइल मांगने पर भोजीपुरा इंस्पेक्टर निलंबित
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा इंस्पेक्टर अशोक कुमार को प्रधान से कीमती मोबाइल मांगना महंगा पड़ गया। प्रधान की शिकायत के बाद जब मामले की जांच की गई तो आरोप सही पाया गया। इसके बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर अशोक कुमार को निलंबित कर दिया। इससे पहले भी एसएसपी भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर कई लोगों को …
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा इंस्पेक्टर अशोक कुमार को प्रधान से कीमती मोबाइल मांगना महंगा पड़ गया। प्रधान की शिकायत के बाद जब मामले की जांच की गई तो आरोप सही पाया गया। इसके बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर अशोक कुमार को निलंबित कर दिया। इससे पहले भी एसएसपी भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर कई लोगों को निलंबित कर चुके हैं। इंस्पेक्टर पर जांच के बाद भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज हो सकती है। जबकि एक दिन पहले सीओ की जांच में इंस्पेक्टर को बचाने की पूरी तैयारी कर ली गई थी।
भोजीपुरा के गांव रूपपुर निवासी नाजिम अली ने बताया कि गांव की प्रधानी 2005 से उनके घर में चली आ रही है। इस बार भी वह प्रधानी जीत गए। इस बात से गांव के रहने वाले हारे हुए एक प्रत्याशी उससे रंजिश मान रहा है। वह एक बार उनपर जानलेवा हमला कर चुका है और अब जान से मारने की धमकी दे रहा है। भोजीपुरा पुलिस का उसे संरक्षण मिला हुआ है। इसके चलते वह कभी भी गांव में तमंचे लेकर घूमता है और उनके समर्थको के साथ मारपीट करता है।
जब वह न्याय की गुहार लगाते हुए इंस्पेक्टर से मिलने गया तो इंस्पेक्टर ने उसे व्हाट्सएप पर मैसेज करके एक कीमती मोबाइल की मांग की। मोबाइल 50 हजार का था। उसने देने से इनकार कर दिया। इससे इंस्पेक्टर उससे रंजिश मानकर बातचीत भी बंद कर दी। रविवार की रात एसएसपी ने इंस्पेक्टर भोजीपुरा अशोक कुमार को निलंबित कर दिया। अब जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला भी दर्ज हो सकता है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि इंस्पेक्टर पर लगे आरोप जांच में सही पाए गए है। उन्होंने व्हाट्सएप पर एक प्रधान से मोबाइल मांगा था। उनके निलंबन की कार्रवाई की गई है।
