बरेली: ट्रैफिक सिपाही की बेटी से छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ट्रैफिक सिपाही की बेटी के साथ मोहल्ले के ही युवक ने छेड़छाड़ की। देर रात किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। वहीं मोहल्ले के लोगों ने आरोपी के खिलाफ अभद्रता की तहरीर दी है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। सुभाष नगर के मढ़ीनाथ के रहने …

बरेली, अमृत विचार। ट्रैफिक सिपाही की बेटी के साथ मोहल्ले के ही युवक ने छेड़छाड़ की। देर रात किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। वहीं मोहल्ले के लोगों ने आरोपी के खिलाफ अभद्रता की तहरीर दी है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।

सुभाष नगर के मढ़ीनाथ के रहने वाले नितिन कश्यप पुत्र राजू कश्यप किराए के मकान पर रहता है। युवक के खिलाफ मोहल्ले की ही रहने वाली एक किशोरी ने पुलिस से शिकायत की। पीड़िता ने बताया कि रविवार को बहन के साथ घर का कुछ सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। रास्ते में युवक व उसके साथियों ने छेड़छाड़ कर अभद्रता की। किशोरी ने घर पहुंचकर पिता को इस बारे में बताया। पिता ने तत्काल मामले की शिकायत पुलिस से की।

वहीं आरोपी के खिलाफ मोहल्ले के अन्य लोगों ने भी महिलाओं व किशोरियों के साथ अभद्र हरकतें करने की लिखित में शिकायत की है। साथ ही किशोरियों के लिए युवक व उसके साथियों से खतरा भी जताया। कई शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नितिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और किशोरियों के साथ अभद्रता करने वाले युवक को न्यायालय में पेश करने के बाद मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।

बेटियां ही निभा रहीं घर की जिम्मेदारी
किशोरी ने बताया कि दो माह पहले ही कोरोना काल में उसकी मां की मौत हो गई थी। पिता ट्रैफिक पुलिस में सिपाही हैं। 2013 में पिता के साथ एक सड़क हादसा हो गया था, जिसके बाद वे शारीरिक तौर पर काफी कमजोर हो गए हैं। मां की मौत के बाद बेटियां ही घर की सारी जिम्मेदारी निभा रही हैं। किशोरी तीन बहनें हैं। आरोपी ने मंझली बहन के साथ छेड़खानी की थी।

संबंधित समाचार