बरेली: ब्लॉक प्रमुख चुनाव की घोषणा से राजनीतिक दलों में खलबली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजे सामने आने के दो दिन बाद ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव की तारीख की घोषणा हो गयी। इससे राजनीतिक दलों में खलबली मच गयी है। राजनीतिक दल समझ नहीं पाए कि इतनी जल्दी और कम समय में कैसे चुनाव की घोषणा कर दी गयी। …

बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजे सामने आने के दो दिन बाद ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव की तारीख की घोषणा हो गयी। इससे राजनीतिक दलों में खलबली मच गयी है। राजनीतिक दल समझ नहीं पाए कि इतनी जल्दी और कम समय में कैसे चुनाव की घोषणा कर दी गयी।

जिपं अध्यक्ष के बाद हर कोई यही समझ रहा कि जुलाई माह में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव होंगे लेकिन महज पांच दिन में नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना के बाद परिणाम घोषित होने की जल्दबाजी की उम्मीद किसी ने नहीं सोची। अधिसूचना ने राजनीतिक दलों को संभलने तक का मौका नहीं दिया है।

हालांकि, ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर सपा और भाजपा के नेता अंदरखाने तैयारी में लगे थे। निर्वाचन विभाग भी वोटर लिस्ट से लेकर अन्य तैयारियां करने में जुटा था। अब तैयारी और तेज हो गयी। दो दिन के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। ब्लॉक प्रमुखी के नामांकन भी ब्लॉकों में ही कराए जाएंगे। 8 जुलाई को नामांकन पत्र दाखिल तो 10 जुलाई को मतदान व मतगणना संपन्न करायी जाएगी। अधिसूचना के साथ सियासी पार्टियों ने जोड़तोड़ शुरू कर दी है।

जिला पंचायत चुनाव में करारी हार के बाद सपाई ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पुख्ता रणनीति बनाने में जुटे हैं। भाजपा ने अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं, लेकिन 7 जुलाई की शाम तक उम्मीदवारों की घोषणा होने की उम्मीद है। हालांकि सपा की और से अब तक नौ ब्लॉकों में अपने प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है।

यह है चुनाव कार्यक्रम
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमुख क्षेत्र पंचायत निर्वाचन नितीश कुमार ने सोमवार की देर रात चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। सार्वजनिक नोटिस के अनुसार नाम निर्देशन पत्र संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारी को क्षेत्र पंचायत मुख्यालय में दिए जा सकते हैं। 8 जुलाई को 11 बजे से लेकर 3 बजे तक दिए जा सकेंगे। परीक्षण का काम संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय में 8 जुलाई को 3 बजे के बाद होगा। उम्मीदरवारी वापस की सूचना किसी उम्मीवार उसके प्रस्तावक या अनुमोदक द्वारा पैरा एक में उल्लिखित अधिकारी को 9 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से 3 बजे तक सूचना दी जा सकती है। 10 जुलाई को मतदान पूर्वाह्न 11 बजे से 3 बजे तक होगा और 3 बजे के बाद मतगणना होगी। नामांकन पत्र 6 जुलाई से लेकर 8 जुलाई तक पूर्वाह्न 11 बजे से 3 बजे तक क्षेत्र पंचायत मुख्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।

सपा के नौ ब्लाक प्रत्याशी घोषित
सपा ने जिन नौ ब्लाकों में प्रत्याशी बनाए हैं। उनमें ब्लाक बहेड़ी से नीरज चौधरी, दमखोदा से पूर्व मंत्री अताउर्रहमान के भाई हाजी वफाउर्रहमान, फरीदपुर से बसपा से सपा में आए विजय पाल सिंह की पत्नी सुनीता सिंह, भुता से यशु यादव, नवाबगंज से प्रियंका गंगवार, भदपुरा से पुरूषोत्तम गंगवार, बिथरी चैनपुर से संदेश कन्नौजियां की पत्नी अरूण कन्नौजिया, भोजीपुरा से नसरीन बी और शेरगढ़ से पूर्व छात्र नेता भूपेंद्र कुर्मी पर भरोसा जताया है। प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी ने बताया कि बची हुई सीटों पर भी जल्द प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।

संबंधित समाचार