बरेली: प्रेम विवाह से गुस्साए परिजनों ने प्रेमी को पीट चचेरे भाई को मारी गोली
बरेली, अमृत विचार। प्रेम विवाह के बाद प्रेमिका पक्ष के लोगों ने प्रेमी के चचेरे भाई को गोली मार दी। वहीं प्रेमिका को मायके से जबरन ले जाने का विरोध करने पर लकड़ी पक्ष ने प्रेमी के साथ भी मारपीट की और उसकी पत्नी को लेकर चले गए। दो दिन पहले ही प्रेमी युगल ने …
बरेली, अमृत विचार। प्रेम विवाह के बाद प्रेमिका पक्ष के लोगों ने प्रेमी के चचेरे भाई को गोली मार दी। वहीं प्रेमिका को मायके से जबरन ले जाने का विरोध करने पर लकड़ी पक्ष ने प्रेमी के साथ भी मारपीट की और उसकी पत्नी को लेकर चले गए। दो दिन पहले ही प्रेमी युगल ने मंदिर में शादी की थी।
इसके बाद प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी युगल को सामाजिक तौर पर शादी करवाने का झांसा देकर वापस बुलाया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बारादरी पुलिस ने लड़की के भाई संतोष, शिवकुमार, अमित और चाचा ताराचंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। वहीं गोली चलाने वाले युवती के भाई संतोष को गिरफ्तार कर लिया है। युवती को बरामद कर बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गुसाईं गौटिया के रहने वाले चंद्रकेश पुत्र धर्मपाल एक निजी अस्पताल में गार्ड की नौकरी करता है। पड़ोस में ही कई सालों से पिंकी का परिवार किराए पर रह रहा है। चंद्रकेश और पिंकी दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। सोमवार को प्रेमी जोड़े ने बनखंडी नाथ मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद से दोनों शहर में रोडवेड स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे।
मंगलवार की रात को परिजनों ने लड़की के पास फोन किया और उसे सामाजिक तौर पर शादी कराने का भरोसा दिलाकर वापस घर बुलाने के लिए राजी कर किया। ससुरालियों के झांसे में आकर चंद्रकेश पत्नी पिंकी को लेकर ससुराल चला गया और प्रेमिका को मायके में छोड़ दिया। इसके बाद खुद अपने घर चला गया।
बुधवार की सुबह करीब 3 बजे चंद्रकेश ने ससुरालियों को पिंकी को ऑटो से कहीं ले जाते देखा। पति ने विरोध किया तो ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे भी टेंपो में साथ ले गए। रास्ते में चंद्रकेश के चचेरे भाई संतोष को ससुरालियों ने गोली मार दी। पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई।
भाई-भाभी को ले जाने पर मारी गोली, हालत गंभीर
प्रेमी के चचेरे भाई अमित ने बताया कि आरोपी पिंकी को जबरन लेकर ऑटो से कहीं जा रहे थे। चंद्रकेश ने इसका विरोध किया तो मारपीट कर उसे भी अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर प्रेमी का भाई संतोष, प्रदुम्न और रवि ने एक ही मोटर साइकिल से आरोपियों का पीछा किया। डोहरा रोड पर तीनों ने आरोपियों का ऑटो रोक लिया और विरोध करने लगे। इसी दौरान प्रेमिका के भाई संतोष ने प्रेमी के भाई संतोष को गोली मार दी और चंद्रकेश को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घायल संतोष को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पिंकी चिल्लाती रही कि ये लोग मुझे मार डालेंगे
शादी के बाद अलग रह रहे प्रेमी युगल के पास बुधवार की रात करीब 12 बजे युवती के परिजनों का फोन आया और झांसा देकर वापस बुला लिया। चंद्रकेश ने बताया कि उसी समय पिंकी ने बोला था कि मुझे मत छोड़ो, ये लोग मुझे मार डालेंगे लेकिन ससुरालियों की बातों में आकर भरोसा कर लिया और पिंकी को उसके घर छोड़ दिया। प्रेमिका को जब उसके परिजन जबरन ऑटो से लेकर जा रहे थे, उस समय भी पिंकी ने दरवाजे पर बैठे चंद्रकेश को आवाज देकर बोला था कि यो लोग मुझे जबरन लेकर जा रहे हैं। चंद्रकेश ने बताया कि उसके बाद से ही पत्नी की कोई सूचना नहीं है और न ही पता चल पा रहा है। पति अपनी पत्नी को लेकर काफी चिंतित है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि प्रेमी युगल ने विवाह किया था। इससे लड़की पक्ष नाराज था। उन्होंने लड़की को आश्वासन दिया कि समाजिक तौर पर शादी कराएंगे। इसके बाद बेटी को अपने घर ले जाने लगे तो विवाद हो गया। इस बीच युवती के भाई संतोष ने युवक के चचेरे भाई संतोष को गोली मार दी। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
