लखीमपुर-खीरी: मोहम्मदी में विवाहिता की पीटकर हत्या
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली मोहम्मदी के गांव मोहद्दीपुर में एक विवाहिता की घर पर ही मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली मोहम्मदी के गांव मोहद्दीपुर में एक विवाहिता की घर पर ही मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपों की जांच की जा रही है।
कोतवाली मोहम्मदी के कस्बा बरबर निवासी अमर सिंह ने बताया कि एसकी बहन राधा देवी (22) की शादी 2019 में गांव मोहद्दीपुर निवासी कमलेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही बहन के ससुराल वाले एक लाख रुपये और सोने की चेन की मांग करने लगे। मायके पक्ष ने आर्थिक स्थित का हवाला देते हुए मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो ससुरालीजन बहन को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। बहन ने प्रताड़ना की शिकायत की तो परिवार वालों ने ससुरालीजनों को काफी समझाया लेकिन वे नहीं माने और प्रताड़ना जारी रखी। रिश्तेदारों की मदद से भी समझाने की कोशिश की, लेकिन वे लोग मांग पर अड़े रहे।
भाई का आरोप है कि बुधवार को कमलेश कुमार, ससुर जंगबहादुर और देवर सोमपाल ने राधा की जमकर पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना दी। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो बहन का शव आंगन में पड़ा देखा। शव देख उनमें चीख-पुकार मच गई। ससुरालीजन शव छोड़कर भाग गए।
उन्होंने बताया कि बहन के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के भाई अमर सिंह की तहरीर पर पति, ससुर और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस तलाश कर रही है।
