बरेली: विजिलेंस के छापे से जंक्शन के आरक्षण कार्यालय में हड़कंप
बरेली, अमृत विचार। जंक्शन पर एक बार फिर विजिलेंस टीम के छापे से खलबली मच गई। बुधवार को पहुंची टीम गुरूवार तक डेरा जमाए रही। दिल्ली स्थित उत्तर रेलवे मुख्यालय बड़ौदा हाउस की चार सदस्यीय टीम जंक्शन के टिकट आरक्षण कार्यालय पर छापा मारा। काफी देर तक टीम के सदस्यों ने रिकॉर्ड खंगाले और कई …
बरेली, अमृत विचार। जंक्शन पर एक बार फिर विजिलेंस टीम के छापे से खलबली मच गई। बुधवार को पहुंची टीम गुरूवार तक डेरा जमाए रही। दिल्ली स्थित उत्तर रेलवे मुख्यालय बड़ौदा हाउस की चार सदस्यीय टीम जंक्शन के टिकट आरक्षण कार्यालय पर छापा मारा। काफी देर तक टीम के सदस्यों ने रिकॉर्ड खंगाले और कई दस्तावेजों को जब्त किया है।
कहा जा रहा है कि टीमों ने जिन दस्तावेजों को जब्त किया है उनमें आरक्षण से जुड़ी जानकारियां मौजूद हैं। जिससे समझा जा सकता है कि आरक्षण संबंधी किसी बड़ी शिकायत के बाद विजिलेंस की टीम ने छापा मारा है। हालांकि कर्मचारी और अधिकारी पूरे मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
बुधवार को टीम ने जंक्शन पर करीब 10 घंटे तक अपनी जांच जारी रखी तो गुरुवार को भी टीम के सदस्यों ने काफी दस्तावेज खंगाले और वापस लौट गए। टीम ने न सिर्फ आरक्षण कार्यालय पर जांच पड़ताल की बल्कि यह चार सदस्य टीम सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म नंबर एक और आरक्षण टिकट बिल्डिंग में निरीक्षण किया। इस बीच यात्रियों से भी पूछताछ की गई।
सूत्रों की माने तो आरक्षण में बड़ी खामिया पाई गई हैं। जिसकी शिकायतें लगातार मुख्यालय तक पहुंच रहीं थी। कोरोना काल में स्पेशल ट्रेनों के बहुत सारे ऐसे आरक्षण हुए जिनमें काफी गड़बड़ियां हुई हैं। बरेली के अलावा शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, देहरादून, हरिद्वार स्टेशनों पर भी आरक्षण कार्यालय के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
बीते साल दिसंबर में खंगाला था सीएमआई दफ्तर
बीते साल दिसंबर में जंक्शन के वाणिज्य अनुभाग में लगातार शिकायत मिलने के बाद उत्तर रेलवे मुख्यालय की विजिलेंस टीम ने मुख्य वाणिज्य निरीक्षक कार्यालय और आरक्षण कार्यालय पर छापा मारा था। तब भी टीम अपने साथ काफी दस्तावेज ले गई थी। एक बार फिर विजिलेंस की टीम ने जंक्शन का रुख किया है जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अंदरखाने काफी गड़बड़ झाला हो रहा है।
