बरेली: उत्तराखंड और दिल्ली को बसों का संचालन शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली और उत्तराखंड जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना काल से बंद चल रहा दिल्ली और उत्तराखंड जाने वाली बसों का संचालन गुरुवार से शुरू हो गया है। अंतरराज्यीय बसों के चलने से लोगों को काफी राहत मिल रही है। दो महीने के बाद प्रदेश सरकार ने लोगों …

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली और उत्तराखंड जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना काल से बंद चल रहा दिल्ली और उत्तराखंड जाने वाली बसों का संचालन गुरुवार से शुरू हो गया है। अंतरराज्यीय बसों के चलने से लोगों को काफी राहत मिल रही है।

दो महीने के बाद प्रदेश सरकार ने लोगों के लिए यूपी रोडवेज की परिवहन सेवा शुरू कर दी है। अभी ये सेवा सिर्फ इन्हीं दो राज्यों के लिए शुरू की गई है। आदेश मिलते ही रोडवेज प्रशासन ने सुबह दोनों स्थानों के लिए बसों का संचालन शुरू कर दिया है। बसों के संचालन करने के आदेश क्षेत्रीय प्रबंधक ने जारी किए थे।

बरेली रीजन से उत्तराखंड की सीमा मिलती है। इसके कारण दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। यही नहीं दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा एसी बसों का संचालन होता है। बसों का संचालन न होने के कारण लोग उत्तराखंड सीमा तक यूपी रोडवेज की बस से पहुंचते थे और पैदल सीमा पार कर उत्तराखंड की बसें पकड़कर गंतव्य तक जाते थे।

वहीं दिल्ली जाने वाले यात्री कौशांबी बस अड्डे पर उतरने के बाद वहां से मेट्रो से दिल्ली जा रहे थे। प्रदेश से बाहर यूपी रोडवेज की बसें नहीं जाने से मंडल में प्रत्येक दिन 25 से 30 लाख रुपये राजस्व का नुकसान हो रहा था। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि शासन से आदेश मिलते ही रोडवेज प्रबंधन ने दो माह बाद गुरुवार सुबह से उत्तराखंड के रामनगर, काठगोदाम, हरिद्वार, देहरादून और दिल्ली के लिए संचालन शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

कोरोना के चलते लगाया गया था प्रतिबंध
दरअसल कोविड कर्फ्यू की वजह से उत्तर प्रदेश सरकार ने सात मई को सभी राज्यों से आने वाली बसों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस रोक की वजह से उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवा सबसे ज्यादा प्रभावित हुई क्योकि उत्तर प्रदेश से होते हुए ही उत्तराखंड की तमाम बसें दिल्ली व अन्य राज्यों के लिए चलती हैं। अभी तक सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा था।

संबंधित समाचार