लखीमपुर खीरी: राजनीति गरमाई तो सीओ समेत पूरा थाना निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृतविचार। ब्लाक प्रमुख चुनाव में पुलिस की मौजूदगी में भाजपा समर्थकों द्वारा पसगवां ब्लाक मुख्यालय पर सपा महिला प्रत्याशी व प्रस्तावक से मारपीट और कपड़े फाड़ने की घटना से प्रदेश की ही नहीं पूरे देश की राजनीति गरमा गई। काफी फजीहत होने और एडीजी कानून व्यवस्था के संज्ञान लेने पर अधिकारी हरकत में …

लखीमपुर खीरी, अमृतविचार। ब्लाक प्रमुख चुनाव में पुलिस की मौजूदगी में भाजपा समर्थकों द्वारा पसगवां ब्लाक मुख्यालय पर सपा महिला प्रत्याशी व प्रस्तावक से मारपीट और कपड़े फाड़ने की घटना से प्रदेश की ही नहीं पूरे देश की राजनीति गरमा गई। काफी फजीहत होने और एडीजी कानून व्यवस्था के संज्ञान लेने पर अधिकारी हरकत में आए और प्रत्याशी की तहरीर पर घटना की रात दो लोगों को नामजद कर अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।

शुक्रवार को सीओ मोहम्मदी, प्रभारी निरीक्षक समेत पूरे पसगवां थाने के स्टाफ को निलंबित कर दिया। साथ ही घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को गांव जतीपुर निवासी सपा समर्थित प्रत्याशी रीतू सिंह प्रस्तावक अनीता देवी और समर्थक शफी के साथ दोपहर एक बजे नामांकन दाखिल करने ब्लाक पसगवां पहुचीं थी। भाजपा कार्यकर्ता जेबीगंज निवासी बृज किशोर और यश वर्मा निवासी मकसूदपुर ने रोक लिया।

मारपीट की। दुर्व्यवहार कर कपड़े फाड़ दिए। पर्स लूट लिया। पर्स में 7500 रुपये थे। गले से सोने का लॉकेट और कानों की झुमकी भी लूट ली। महिला प्रत्याशियों के साथ जब समाज को शर्मसार करने वाली घटना हो रही थी। उस समय भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धौरहरा सांसद रेखा वर्मा व मोहम्मदी विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे। इस घटना ने देश और प्रदेश भर में भूचाल ला दिया। इससे भाजपा और पुलिस की काफी किरकिरी हुई।

विपक्षी दलों ने सरकार को चौतरफा घेर लिया। मामला तूल पकडते ही घटना की रात में ही पुलिस ने सपा प्रत्याशी रीतू सिंह की तहरीर पर बृज किशोर, यश वर्मा को नामजद कर अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 171एफ, 354, 392 और 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली।

आनन फानन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी। एक टीम ने यश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जिसका शुक्रवार को पुलिस ने चालान भेज दिया। उधर विपक्षी दलों से घिरी सरकार भी एक्शन में आ गयी। शुक्रवार की दोपहर बाद सीओ मोहम्मदी अभय प्रताप मल्ल, प्रभारी निरीक्षक पसगवां आदर्श कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध हनुमान प्रसाद, चौकी ब्रेकिंग, चौकी इंचार्ज बरवर महेश गंगवार, चौकी इंचार्ज जेबीगंज दुर्वेश गंगवार और उचौलिया चौकी इंचार्ज उग्रसेन सिंह सहित पूरा थाना निलंबित कर दिया।

संबंधित समाचार