बरेली: चुनावी साल, डिवाइडरों में चमकते पत्थर लगाओ और श्रेय पाओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अभी चुनावी साल चल रही है। अक्टूबर या नवंबर में विधानसभा 2022 का बिगुल बज जाएगा। इसलिए सरकारी मशीनरी के साथ मिलकर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अपने कामकाज को दिखाने की भरपूर कोशिश में लगे हैं। इससे बरेली में नयी तरह की राजनीति भी देखने को मिल रही है। वो है डिवाइडरों में …

बरेली, अमृत विचार। अभी चुनावी साल चल रही है। अक्टूबर या नवंबर में विधानसभा 2022 का बिगुल बज जाएगा। इसलिए सरकारी मशीनरी के साथ मिलकर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अपने कामकाज को दिखाने की भरपूर कोशिश में लगे हैं। इससे बरेली में नयी तरह की राजनीति भी देखने को मिल रही है। वो है डिवाइडरों में चमकते पत्थर लगाओ और श्रेय पाओ।

स्मार्ट सिटी और 15वें वित्त समेत अन्य तरह की योजनाओं में कराए जाने वाले निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारी-नेता एकजुट होकर जहां-तहां पत्थर लगवा रहे हैं। इसमें दिलचस्प बात यह है कि पत्थर तो सामान्य दिख रहा है लेकिन उसे स्थापित करने के लिए उसके चारों ओर मोटी रकम खर्च की जा रही है।

डिवाइडरों के बीचोंबीच ऊंची फाउंडेशन बनाकर पत्थर लगाना कहां तक सही है, इसको लेकर चर्चा छिड़ गयी है लेकिन लोग अभी खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। ईट पजाया चौराहे के पास डिवाइडर में गुरुवार को ही पत्थर लगाया गया। यहां लगे पत्थर में 15वें वित्त आयोग वर्ष 2021-22 में ईंट पजाया चौराहे से संजय नगर पेट्रोल पंप तक सड़क का चौड़ीकरण और नाला निर्माण का कार्य होने का जिक्र है।

शिलान्यास के पत्थर में मेयर, चार पार्षद और मुख्य अभियंता निर्माण और नगर आयुक्त के नाम भी लिखे हैं। वहीं ईसाइयों की पुलिया के पास कुछ दिन पहले ही डिवाइडर में पत्थर लगाया गया। इसमें तो 5485 लाख रुपए की लागत से अमृत मिशन के तहत बरेली सीवरेज योजना सेंट्रज जोन फेस-1 ट्रंक सीवर के शिलान्यास का जिक्र है। पत्थर को गौर से देखने पर मालूम पड़ा कि इस कार्य का शिलान्यास 26 अगस्त, 2019 को हो गया लेकिन पत्थर अब क्यों लगाया गया, यह किसी की समझ नहीं आ रहा है।

शिलान्यास भी केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के द्वारा दिखाया गया है। पत्थर में तत्कालीन मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद, तत्कालीन नगर आयुक्त सैमुअल पाल एन और तत्कालीन जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह के नामों का जिक्र है। जल निगम की ओर से पत्थर लगवाया गया है। इसी तरह श्यामगंज चौराहे समेत अन्य स्थानों पर भी फाउंडेशन बनवाकर शिलान्यास के पत्थर लगवा दिए गए हैं।

संबंधित समाचार