बरेली: इस्तीफे के बाद ट्वीटर पर सक्रियता कम, कार्यालय में खिलाई मिठाई की चर्चा खूब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मोदी सरकार में लगातार सात साल तक केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान 7 जुलाई को हुए इस्तीफे के बाद सांसद संतोष गंगवार की ट्वीटर पर सक्रियता एकाएक कम हो गयी। 7 जुलाई को ही सुबह तो उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धि, दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि के साथ कैप्टन विक्रम बत्रा …

बरेली, अमृत विचार। मोदी सरकार में लगातार सात साल तक केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान 7 जुलाई को हुए इस्तीफे के बाद सांसद संतोष गंगवार की ट्वीटर पर सक्रियता एकाएक कम हो गयी। 7 जुलाई को ही सुबह तो उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धि, दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि के साथ कैप्टन विक्रम बत्रा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने की पोस्ट की थी। इसके बाद रात 9.19 बजे सभी को धन्यवाद देने की पोस्ट की थी।

उस दिन के बाद संतोष गंगवार ने शुक्रवार की रात 10 बजे तक ट्वीटर पर एक भी पोस्ट शेयर नहीं की। इससे माना जा रहा है कि उनके मन में कहीं न कहीं इस्तीफा देने को लेकर मोदी सरकार के प्रति टीस दिख रही है। वो इसलिए केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान एक भी दिन ऐसा नहीं गुजरा, जिस दिन वह सुबह से शाम तक मोदी सरकार की उपलब्धियों या फिर श्रम मंत्रालय से जुड़ी खबर की जानकारी शेयर न करते हों।

दिल्ली में इस्तीफा देने के अगले दिन संतोष गंगवार बरेली आ गए और ब्लॉक प्रमुखी के चुनाव में खुद को व्यस्त रखना शुरू कर दिया। वह भदपुरा में रश्मि गंगवार के नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल हुए लेकिन इस बीच उन्होंने इस्तीफा देने को लेकर भाजपा नेताओं से किसी प्रकार की कोई बात तक नहीं की।

वहीं, गुरुवार की दोपहर बाद भाजपा महानगर के अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, महामंत्री अधीर सक्सेना समेत कई नेता भारत ट्रस्ट के कार्यालय संवेदना व्यक्त करने पहुंचे लेकिन इससे पहले कि महानगर अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री के सामने कोई बात छेड़ते। उससे पहले उन्होंने मिठाई मंगाकर सभी को खिलवा दी। अपने हाथ में डिब्बा उठाकर मिठाई पदाधिकारियों के सामने रखने की बात किसी के गले से नहीं उतर रही है। कार्यालय में संतोष गंगवार के मिठाई खिलाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में खूब हो रही है।

संबंधित समाचार