रामपुर : सैफनी में किसान को बंधक बनाकर डाली डकैती, छह सशस्त्र बदमाशों ने बोला धावा
रामपुर/सैफनी, अमृत विचार। शाहबाद थाना क्षेत्र के सैफनी चौकी क्षेत्र में 6 सशस्त्र बदमाशों ने शुक्रवार रात को किसान के घर पर धावा बोल दिया। गन प्वाइंट पर लेकर एक लाख का सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए, बाद में पुलिस भी आ गई। …
रामपुर/सैफनी, अमृत विचार। शाहबाद थाना क्षेत्र के सैफनी चौकी क्षेत्र में 6 सशस्त्र बदमाशों ने शुक्रवार रात को किसान के घर पर धावा बोल दिया। गन प्वाइंट पर लेकर एक लाख का सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए, बाद में पुलिस भी आ गई। मौका मुआयना करने के बाद वापस लौट आई। इस मामले में पुलिस को तहरीर दे दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला चौकी क्षेत्र के बैरुआ गांव का है, जहां शुक्रवार की रात 6 नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने गांव निवासी अमीर अहमद पुत्र अहमद हुसैन का दरवाजा रहित मकान गांव के शुरुआत में ही खेतों के बराबर से है। रात में वह अपने परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रहा था। रात के करीब 12 बजे 6 सशस्त्र नकाबपोश बदमाश उसके घर में घुस आए।
किसान अमीर अहमद को सबसे पहले आंगन में सो रहे को दबोचकर चारपाई से बांध दिया। अमीर अहमद के अनुसार इस दौरान बदमाशों ने उसको लाठी-डंडों से मारना पीटना शुरू कर दिया। गृहस्वामी के चिल्लाने पर पास में सो रहे अन्य परिजन भी जाग गए।
बदमाशों ने उसके बाद उसकी 15 साल की पुत्री गुलाब शाह के साथ मारपीट की और फिर पत्नी नूरजहां को निशाना बनाकर उसके कानों से जबरन सोने की बाली छीन ली। साथ ही नूरजहां से ताले की चाबी लेकर कमरे के अंदर रखे 10 हजार रुपये एवं 20 लीटर मैंथा तेल और चांदी की चेन समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान लेकर बदमाश शोर नहीं मचाने की धमकी देकर तमंचे लहराते हुए जंगल की ओर फरार हो गए।
परिजनों के शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग पीड़ित के घर पहुंच गए। जंगल की ओर भागे बदमाशों की लोगों ने काफी देर तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर दे दी गई है।
अमीर को पिटता देख सहम गए परिजन
शुक्रवार रात को 6 सशस्त्र बदमाशों ने किसान के घर पर धावा बोल दिया था, जिसके बाद बदमाशों ने गृहस्वामी को चारपाई पर बंधक बनाकर उसकी लाठी डंडों से पीट दिया जिससे उसके परिजन भी सहम गए थे, लेकिन परिवार वाले हथियारों के सामने सहमे बैठे रहे। बदमाशों के जाने के बाद भी परिजन कपड़े की मदद से चारपाई पर बंधे अमीर अहमद को काफी समय तक भी खोलने नहीं पहुंचे। बदमाशों के जाने के बाद परिजनो ने अमीर अहमद को बंधन मुक्त किया।
पहले डकैती, फिर चोरी में तहरीर
बैरुआ गांव में शुक्रवार की रात किसान के घर को सशस्त्र बदमाशों ने बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। शनिवार सुबह को जब पीड़ित से जानकारी ली गई। उसने अपने व परिजनों के साथ बंधक बनाकर हुई लूटपाट की घटना को बताया, लेकिन जैसे ही मामला चौकी तक आया तो डकैती की वारदात होने के बाद भी पुलिस ने पीड़ित से दबाव बनाकर चोरी की तहरीर ली है।
1 घंटे तक बदमाशों ने किसान के घर में मचाया उत्पात
सैफनी चौकी क्षेत्र के गांव बैरुआ में शुक्रवार रात को 12 बजे करीब 6 बदमाशों हथियारों के बल पर किसान के घर पर धावा बोल दिया।उसके बाद बदमाशों ने अमीर अहमद को चारपाई पर बांधकर बाकी सभी परिजनों को असलहे के बल पर एक घंटे तक उत्पात मचाया, जिससे परिजन दशहत में रहे।
सैफनी में बढ़ी लूट और डकैती की घटनाएं
सैफनी चौकी का जब से प्रवीण कटियार ने यहां का चार्ज लिया है तब से लूट और डकैती की घटनाएं बढ़ गई हैं। गांव के लोगों का आरोप है कि पुलिस रात को गश्त नहीं कर रही है, जिसकी वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
चौकी प्रभारी सैफनी प्रवीण कुमार कटियार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली गई है। यह पूरा मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। फिलहाल तहरीर प्राप्त हो गई है पुलिस जांच कर रही है।
