अमरोहा में ब्लॉक प्रमुख की तीन सीटों पर भाजपा का कब्जा, सपा व रालोद के उम्मीदवार भी जीते

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमरोहा/गजरौला/ अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पुलिस की कड़ी चौकसी रही। 93 बीडीसी सदस्यों ने वोट किया। भाजपा प्रत्याशी को 70 व सपा समर्थित प्रत्याशी को 22 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी चौधरी 48 वोट से विजयी रहीं। पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों को सुरक्षा के बीच घर तक पहुंचाया।गजरौला ब्लॉक …

अमरोहा/गजरौला/ अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पुलिस की कड़ी चौकसी रही। 93 बीडीसी सदस्यों ने वोट किया। भाजपा प्रत्याशी को 70 व सपा समर्थित प्रत्याशी को 22 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी चौधरी 48 वोट से विजयी रहीं। पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों को सुरक्षा के बीच घर तक पहुंचाया।गजरौला ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा ने जिला उपाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह की पत्नी मीनाक्षी चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया था।

वहीं भाजपा छोड़कर सपा में गए पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह उर्फ लालू की पत्नी मंजू चौधरी सपा के समर्थन से चुनाव लड़ीं। शनिवार दोपहर कड़ी चौकसी के बीच मतदान शुरू हुआ। दोपहर दो बजे तक 93 बीडीसी सदस्यों ने वोट किया। तीन बजे मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू हुई। करीब 20 मिनट चली मतगणना में मीनाक्षी चौधरी को 70 व मंजू चौधरी को 22 वोट मिले। मीनाक्षी चौधरी 48 वोट से जीतीं। इससे पूर्व डीएम बीके त्रिपाठी व एसपी पूनम ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। सीओ सतेंद्र कुमार व एसडीएम मांगेराम चौहान की देखरेख में मतदान व मतगणना संपन्न हुई।

विधायक एवं नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख का स्वागत
हसनपुर। गंगेश्वरी नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र खड़कवंशी अपने भाई विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी के साथ अपने आवास पर पहुंचे तो दोनों का समर्थकों ने फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। शनिवार को गंगेश्वरी ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में निर्वाचित हुए राजेंद्र खड़कवंशी अपने भाई महेंद्र सिंह खड़कवंशी के साथ जैसे ही हसनपुर स्थित आवास पर पहुंचे। तो वहां पर पहले से ही उपस्थित समर्थकों द्वारा दोनों को फूल मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी द्वारा एक बार फिर ब्लॉक प्रमुख सीट पर कब्जा जमा कर अपनी ताकत का एहसास कराया। विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी द्वारा कहा गया कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की है। इस मौके पर मयंक अग्रवाल, राजपाल सैनी, महेश खड़कवंशी, देवेंद्र राणा, विक्रम महंत, अजय पाल, अंकुर अग्रवाल, राहुल, अमित राणा सहित भारी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

धनौरा ब्लॉक में शांतिपूर्वक हुआ मतदान, आशा चंद्रा ने मारी बाजी
मंडी धनौरा। शनिवार को पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धनौरा विकासखंड में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए वोट डाले गए। ब्लाक प्रमुख चुनाव शांतिपूर्वक चला। ब्लॉक के चारों तरफ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाई गई है। प्रमाण पत्र देखने के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों को ही भीतर जाने दिया गया। ब्लॉक के इर्द-गिर्द खड़े लोगों को पुलिस ने हटाया। भाजपा नेता ब्लॉक के पास इंडियन पेट्रोल पंप पर मौजूद रहे। ब्लॉक के दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन व राष्ट्रीय लोकदल व सपा के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा। एसडीएम मांगेराम चौहान पुलिस बल के संग ब्लाक कार्यालय के मेन गेट पर पर तैनात रहे। वहीं दूसरी ओर पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मोर्चे पर डटे रहे। भाजपा प्रत्याशी सविता रानी को 43 मत मिले, 6 मत निरस्त हुए। रालोद की आशा चंद्रा ने 8 वोटों से विजय हासिल की है। चुनाव जीतने की जानकारी मिलते ही रालोद, सपा और भाकियू पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड गई।

ममता बनीं हसनपुर ब्लॉक प्रमुख
हसनपुर/सैदनगली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस प्रशासन ने हसनपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुआ। इस बीच कई बार पुलिस ने उम्मीदवारों के समर्थकों को खदेड़ा। शनिवार को 11 बजे ब्लॉक प्रमुख का चुनाव शुरू हुआ। बीडीसी सदस्यों को प्रत्याशियों के समर्थक वाहनों में लेकर ब्लॉक पहुंचे और छानबीन कर वोटरों को अंदर प्रवेश करने दिया। हसनपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य का सूची में गलत नंबर पड़ा होने के कारण भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशोर सिंह चौहान एवं पूर्व जिला महामंत्री सतीश अग्रवाल ने ब्लॉक के गेट पर पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई। उसके बाद सूची को दुरस्त किया गया। हसनपुर ब्लॉक में 96 वोटों में से 56 निर्दलीय प्रत्याशी ममता देवी व भाजपा प्रत्याशी बबीता देवी को 36 वोट मिले। 4 मत निरस्त हो गये। नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख ममता देवी के चुनाव जीतने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस प्रशासन ने उनके घर सैदनगली तक पहुंचाया। इस दौरान उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बचन सिंह, मुदित कुमार, हर स्वरूप सिंह, जग्गू सिंह, डॉक्टर वीर सिंह, सुप्रभात, अभिषेक गुर्जर, चंद्रपाल सिंह, रमेश सिंह, मोमराज सिंह आदि लोग मौजूद थे।

हसनपुर समर्थकों द्वारा किया गया भव्य स्वागत, शिवानी यादव बनी सिंभावली ब्लॉक प्रमुख
गढ़मुक्तेश्वर। हापुड़ जनपद में तीन ब्लॉक प्रमुख भाजपा के निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं एक ब्लॉक प्रमुख की सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई है। मतदान और मतगणना शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सिंभावली ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को मतदान व मतगणना हुई। जिसमें भाजपा से चंचल राजपूत और समाजवादी पार्टी से सपा नेता सतपाल यादव की पुत्री शिवानी यादव के बीच मुकाबला हुआ। प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान व मतगणना कराई। ब्लाक प्रमुख पद के लिए 101 बीडीसी द्वारा मतदान किया जाना था, लेकिन कुछ नाराज बीडीसी ने मतदान नहीं किया है। जिसमें सपा से प्रत्याशी रही शिवानी यादव को 78 वोट मिले, जबकि भाजपा से प्रत्याशी रही चंचल राजपूत को 14 वोट प्राप्त हुए। नौ बीडीसी ने मतदान नहीं किया है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की जीत के बाद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं पूर्व मंत्री मदन चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध नागर, उमंग यादव, अरुण यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश यादव, आमिर चौधरी, फकीरा चौधरी, हबीब ने विजय हुई शिवानी यादव को फूलमाला पहनाकर बधाई दी। गढ़मुक्तेश्वर से ब्लाक प्रमुख भाजपा प्रत्याशी कृष्णा देवी निर्विरोध चुनी गई है।

संबंधित समाचार