बरेली: पुलिस ने सोशल मीडिया पर डाली युवक की जानकारी, तब परिजनों को मिली मौत की खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक युवक दो दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन दो दिनों बाद युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त न होने पर शाही पुलिस ने सोशल मीडिया पर उसकी जानकारी साझा …

बरेली, अमृत विचार। एक युवक दो दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन दो दिनों बाद युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त न होने पर शाही पुलिस ने सोशल मीडिया पर उसकी जानकारी साझा की। इसी माध्यम से परिजनों को युवक की मौत का पता चला और पोस्टमार्टम पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

कोतवाली के आजमनगर कटी कुइंया निवासी डायमंड (30) पुत्र जसवंत सिंह बीते मंगलवार को अपनी बहन के घर शाही के कुल्छा गांव गया था। वहां से वापस आते समय शाही मार्ग पर लमकन गांव स्थित ईंट भट्टे के पास हादसे में वह घायल हो गया। हादसे की सूचना पर शाही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और उसको निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

मृतक डायमंड। फाइल फोटो

पुलिस ने बताया कि शिनाख्त के लिए युवक की तलाशी ली गई लेकिन पहचान संबंधित कोई भी दस्तावेज उसके पास से नहीं मिले। दो दिन तक उसे होश नहीं आया और उसकी मौत हो गई। जिसकी वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी। वहीं दूसरी तरफ डायमंड के तीन दिनों तक घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए।

उधर शाही पुलिस ने युवक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और डायमंड का फोटो, उसकी बाइक का फोटो व अन्य जानकारी व्हाट्सएप्प और फेसबुक पर साझा की। जिसके माध्यम से डायमंड के परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने बताया कि डायमंड की दो बहनें हैं जिनमें से एक बहन की पिछली साल ही बच्चे के जन्म के समय मृत्यु हो गई थी। दूसरी बहन की भी शादी हो चुकी है। करीब 12 साल पहले डायमंड की शादी भमौरा के चंपतपुर की रहने वाली ऊषा से शादी हुई थी। उनके शिशांत(6) और राघव(5) दो बेटे हैं। डायमंड डेरी संचालक थे। पति की मौत के बाद ऊषा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

संबंधित समाचार