बरेली: कई महाविद्यालयों के एक या तीन छात्र ही देंगे परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कई महाविद्यालय ऐसे हैं, जहां के सिर्फ एक या तीन छात्र ही मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। इससे साफ है कि इन महाविद्यालयों में कम छात्रों ने स्नातक या परास्नातक में प्रवेश लिया था। छात्रों की संख्या का खुलासा विश्वविद्यालय के द्वारा जारी परीक्षा केंद्रों की सूची …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कई महाविद्यालय ऐसे हैं, जहां के सिर्फ एक या तीन छात्र ही मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। इससे साफ है कि इन महाविद्यालयों में कम छात्रों ने स्नातक या परास्नातक में प्रवेश लिया था। छात्रों की संख्या का खुलासा विश्वविद्यालय के द्वारा जारी परीक्षा केंद्रों की सूची के बाद हुआ है।
परीक्षा केंद्रों के साथ उन महाविद्यालयों के नाम और वहां के छात्रों की संख्या भी दी गई है। यही वजह है कि 117 महाविद्यालय ऐसे हैं, जिन्हें छात्रों की कम संख्या या फिर अन्य किसी वजह से स्वकेंद्र नहीं बनाया गया है। बरेली में सीबीगंज के एक महाविद्यालय का एक तो पीलीभीत के एक महाविद्यालय के सिर्फ तीन, अमरोहा के एक महाविद्यालय के सात छात्र ही परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय से संबद्ध नौ जिलों में भी इसी तरह से कई महाविद्यालय हैं, जहां छात्रों की संख्या काफी कम है।
विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष के परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। मुख्य परीक्षा 312 केंद्रों पर होगी, जिनमें 419 महाविद्यालयों के छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा में करीब 2 लाख 84 हजार छात्र शामिल होंगे। पिछले वर्ष 327 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे लेकिन उस वक्त प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षा हुई थी। इस बार परीक्षा स्वकेंद्र होने के चलते परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़नी चाहिए थी लेकिन संख्या बढ़ने के बजाय कम हो गई।
इसके पीछे की वजह है कि कई महाविद्यालयों में छात्रों की संख्या 100 से कम है। इन सभी महाविद्यालयों में स्वकेंद्र नहीं बनाए गए हैं। इसके अलावा कुछ महाविद्यालय ऐसे हैं, जिनमें छात्रों की संख्या 100 से अधिक है लेकिन इनमें पूर्व में कोई न कोई कमियां रही हैं। परीक्षा केंद्रों की सूची देखी जाए तो सीबीगंज के एक महाविद्यालय में सिर्फ एक ही छात्र ने परीक्षा फार्म भरा है।
नवाबगंज के एक महाविद्यालय में 15 छात्र, पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी कॉलेज में 13 छात्र, फरीदपुर रोड स्थित एक निजी कॉलेज में 30 छात्र और दूसरे निजी कॉलेज में 25 छात्र, रिठौरा के एक महाविद्यालय में 46 छात्र, भुता के एक महाविद्यालय में 49 छात्र, फतेहगंज पश्चिमी के एक महाविद्यालय में 20, मीरगंज के महाविद्यालय में 25, फरीदपुर के एक महाविद्यालय में 23, रामपुर बुजुर्ग के महाविद्यालय में 36 छात्रों ने ही परीक्षा फार्म भरे हैं। इसकी वजह से इन महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र स्वकेंद्र न बनाकर दूसरे महाविद्यालय में बनाया गया है।
