पीलीभीत: बाघ के हमले में बाइक सवार दो युवकों की मौत, तीसरे ने रातभर पेड़ पर बैठकर बचाई जान
पीलीभीत, दियोरिया कलां। ससुराल से वापस लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों पर अचानक सामने आए बाघ ने हमला कर दिया । जिसमें बाघ ने दो लोगों को अपना निवाला बना लिया तथा तीसरे युवक ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोरिया कला निवासी कन्हई लाल अपने दो साथियों सोनू, …
पीलीभीत, दियोरिया कलां। ससुराल से वापस लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों पर अचानक सामने आए बाघ ने हमला कर दिया । जिसमें बाघ ने दो लोगों को अपना निवाला बना लिया तथा तीसरे युवक ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोरिया कला निवासी कन्हई लाल अपने दो साथियों सोनू, विकास के साथ अपनी ससुराल थाना बंडा के गांव जलालपुर निवासी अपने साले मुन्ना लाल के यहां दो दिन पहले गए थे। जहां से रविवार को शाम सात बजे जंगल के रास्ते से वापस लौट रहे थे।
बताया जाता है कि साढ़े सात बजे टूटे पुल के पास बनी वन चौकी से गुजरे पर मौजूद गेटमैन ने बाघ का हवाला देकर जंगल के रास्ते से जाने को मना किया। लेकिन मस्ती में मस्त युवकों ने वन विभाग की एक नहीं सुनी और अपनी बाइक से जंगल के रास्ते चल दिए चौकी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर जैसे ही बाइक सवार पहुंचे अचानक मौके पर मौजूद दो बाघों ने उन पर हमला बोल दिया।
जिसमें दो युवकों कन्हई लाल-30, सोनू-20 को बाघों ने दबोच कर जंगल के अंदर लेकर चले गए। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरे युवक विकास ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई। पेड़ पर बैठे विकास ने घंटों चीख चीखकर वन चौकी को आवाज लगाई लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इधर घटना की सूचना किसी तरह गांव तक पहुंची तभी दियोरिया से लोगों की भीड़ की तरह जंगल की ओर दौड़ पड़े तथा शव की तलाश कर मृतकों के परिजनों को सूचना दी सूचना मिलते ही परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए।
घटना को 13 घंटे बीतने के बाद भी वन विभाग पुलिस की नींद टूटी और साढ़े आठ बजे मौके पर पहुंचे। वही दूसरी तरफ पेड़ पर चढ़े युवक ने अपने सामने हुई दो मौतों को देखकर अपना मानसिक संतुलन खो बैठा और पेड़ की टहनी में फंसकर बेहोश हो गया। जिसे सुबह छः बजे परिजनों ने बेहोशी हालत में पेड़ से उतार कर घर ले आए।
इधर दियोरिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह ने बताया कि पूरनपुर से शाम को वापस लौटते उक्त दोनों बाघों को देखकर वापस लौट गए और वन कर्मियों को किसी को भी रोड़ से नहीं निकलने देने की हिदायत दी। घटनास्थल पर सीओ पूरनपुर लल्लन सिंह, पूरनपुर कोतवाल हरीश वर्धन घुंघचाई, चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार, दियोरिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह, वन विभाग के उपनिदेशक नवीन खंडेलवाल मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
