बरेली: विवि की वेबसाइट से लिंक होंगे महाविद्यालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट का सोमवार को शिक्षा विभाग सभागार में कुलपति प्रो. केपी सिंह ने विमोचन किया। वेबसाइट में विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी ताजा जानकारी दी गई हैं। वेबसाइट को इस तरह से डिजाइन किया गया है, जिससे विश्व के किसी भी हिस्से में बैठे छात्र, अभिभावक व किसी अन्य …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट का सोमवार को शिक्षा विभाग सभागार में कुलपति प्रो. केपी सिंह ने विमोचन किया। वेबसाइट में विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी ताजा जानकारी दी गई हैं।

वेबसाइट को इस तरह से डिजाइन किया गया है, जिससे विश्व के किसी भी हिस्से में बैठे छात्र, अभिभावक व किसी अन्य को परीक्षा, प्रवेश व अन्य की विषयों की जानकारी मिल सके। वेबसाइट पर जल्द ही सभी संबद्ध 563 महाविद्यालयों की जानकारी मिलेगी। जल्द ही सभी महाविद्यालयों की वेबसाइट को भी इससे लिंक कर दिया जाएगा। वहीं पहले दिन ओवरलोड होने के चलते वेबसाइट का सर्वर डाउन रहा।

कुलपति केपी सिंह ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में सूचनाओं की पारदर्शिता एवं उपस्थिति किसी भी विश्वविद्यालय अथवा संस्थान की छवि निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। हमें विश्वविद्यालय की वेबसाइट को छात्र एवं जन उपयोगी बनाना होगा ताकि सरलता से सभी सूचनाएं वेबसाइट से प्राप्त की जा सके।

उन्होंने शिक्षकों से संकाय, विभाग एवं शोध संबंधी अधिकाधिक सूचना को विभागीय वेबसाइट पर रखने की बात की। शोध निदेशालय को निर्देशित किया कि सन 1975 में जबसे विश्वविद्यालय बना है, तब से लेकर आज तक के सभी प्रकाशनों एवं रिसर्च की सूचनाओं को वेबसाइट पर उपलब्ध करवाने के निरंतर प्रयत्न जारी रहने चाहिए।

डा. अख्तर हुसैन ने प्रारंभ में वेबसाइट बनाने के चरणों एवं विभिन्न कार्यों को बताया। आगामी समय में इस वेबसाइट पर विद्यार्थियों के लिए और अधिक जानकारी के समावेश की बात कही। प्रोफेसर एसएस बेदी ने बताया कि वेबसाइट पर महात्मा ज्योतिबा फुले के विषय, रुहेलखंड क्षेत्र के इतिहास के बारे में विस्तार बताया गया है। नई शिक्षा नीति से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बनाए गए सेलों एवं निदेशालयों के विषय में विस्तार से सूचना दी गई है। नई वेबसाइट पर शोध कार्य को प्रमुखता से स्थान दिया गया।

वेबसाइट के निर्माण प्रोफेसर एसएस बेदी, डा. अख्तर हुसैन, डा. अश्वनी गुप्ता, रविंद्र गौतम, नरेंद्र, नीरज एवं सूर्य प्रताप सिंह की समिति ने सहयोग किया है। कार्यक्रम का संचालन डा. अश्वनी गुप्ता ने किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद, सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, सेल इंचार्ज, अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार