बरेली: पहले लिया कर्जा 25 लाख, मांगने पर दे रहे जान से मारने की धमकी
बरेली, अमृत विचार। सर्जिकल उपकरणों के कारोबार के नाम पर रिश्तेदार महिला ने अपनों से 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने जब अपनी रकम मांगी तो उन्हें चेक दे दिए, जो बाउंस हो गया। इसके बाद रुपये मांगने पर आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी …
बरेली, अमृत विचार। सर्जिकल उपकरणों के कारोबार के नाम पर रिश्तेदार महिला ने अपनों से 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने जब अपनी रकम मांगी तो उन्हें चेक दे दिए, जो बाउंस हो गया। इसके बाद रुपये मांगने पर आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। आईजी के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
प्रेमनगर के शास्त्रीनगर निवासी सोनी सक्सेना ने बताया कि उनकी रिश्तेदारी किला के जकाती मोहल्ले निवासी कुमारी सोनिका सक्सेना, अनुग्रह उर्फ शानू, अनीता सक्सेना से है। इसी के नाते उन्होंने उन्हें कुछ रुपया उधार दिया था, जिसे उन्होंने अपनी फर्म में लगा दिया। जब सोनी ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने रुपया फंसा होने की बात कही।
इसके साथ ही उन्होंने धीरे-धीरे 25 लाख रुपये ले लिये। रुपये वापस मांगने पर उन्होंने महिला को चेक दे दिए, जो बाउंस हो गया। इसका विरोध करने पर आरोपी उसके घर में घुस आए और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत आईजी से की। आईजी के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर धोखाधड़ी और धमकाने का मामला दर्ज हुआ है। आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी सानू सक्सेना का कहना है कि हमने किसी से कोई रुपये नहीं लिए हैं। हम आपस में रिश्तेदार हैं। हमारे ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं।
