फिरोजाबाद: छोटे भाई को गोली मारने के बाद खुद की ली जान, आर्थिक तंगी से थे परेशान
फिरोजाबाद। जिले के एक गांव में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद में अपने सगे छोटे भाई की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद की भी गोली मारकर जान ले ली। पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र के हिम्मतपुर में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने …
फिरोजाबाद। जिले के एक गांव में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद में अपने सगे छोटे भाई की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में खुद की भी गोली मारकर जान ले ली। पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र के हिम्मतपुर में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद बड़े भाई को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का दौरा करने के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) मुकेश मिश्रा ने बताया कि हिम्मतपुर निवासी 55 वर्षीय प्रेम शंकर एवं उसके छोटे भाई प्रेमचंद (53) के बीच सोमवार रात खेत की जमीन बेचने को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद के बाद प्रेम शंकर ने आवेश में आकर प्रेमचंद को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना की वजह के बारे में अधिकारी ने परिजनों के हवाले से बताया कि प्रेम शंकर के पुत्र के इलाज में लगभग दो लाख रुपये का कर्ज हो गया था जिसे चुकाने के लिए वह अपने भाई पर खेत की जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। छोटे भाई के नहीं मानने पर प्रेम शंकर ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में अपनी भी जान दे दी। गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
