अखिलेश यादव ने संघ पर कसा तंज, लगाया समाज को बांटने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश में दो सरकारें समानांतर काम कर रही हैं। एक सरकार का भाजपा नेतृत्व कर रही है और दूसरी समानांतर सरकार आर.एस.एस. के नेतृत्व में अपना एजेण्डा लागू कराती है। भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग करती है और संघ समाज …

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश में दो सरकारें समानांतर काम कर रही हैं। एक सरकार का भाजपा नेतृत्व कर रही है और दूसरी समानांतर सरकार आर.एस.एस. के नेतृत्व में अपना एजेण्डा लागू कराती है। भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग करती है और संघ समाज में बंटवारा पैदा करता है। इन दो पाटों के बीच जनता और विपक्षी कार्यकर्ता समान रूप से पिस रहे है। मीडिया को जारी बयान में अखिलेश ने कहा कि जिन पर कानून व्यवस्था सम्हालने की जिम्मेदारी है वही लगातार कानून का मजाक बना रहे हैं। न्याय देना तो दूर उल्टा अत्याचार कर रहे हैं। सत्ता के संरक्षण में पनप रहे अपराधियों ने पूरे प्रदेश में अपना आतंक मचा रखा है।

दलित-वंचित और समाज के कमजोर वर्गों के ऊपर इधर भाजपा राज में ज्यादा अत्याचार बढ़ गए हैं क्योंकि भाजपा मूलतः पूंजीघरानों और शोषक तत्वों की समर्थक पार्टी है। अखिलेश ने कहा कि जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनावों में भाजपा ने सत्ता का जैसा खुला दुरूपयोग किया है वह शर्मनाक है। लोकतंत्र की निर्ममता से हत्या की गई है। चुनावों के दौरान समाजवादी प्रत्याशियों को नामांकन से जबरन रोका गया, मतदान के दौरान हिंसा हुई और प्रत्याशियों तथा समर्थकों का अपहरण तथा बंधक बनाने की निंदनीय घटनाएं सर्वविदित है।

कहा कि चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली के बाद भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न जारी है। विभिन्न जनपदों में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं पर बड़े पैमाने पर फर्जी मुकदमें लगा दिए गए हैं। अज्ञात में तमाम लोगों को नामजद किया जा रहा है। समाजवादी कार्यकर्ताओं और नेताओं का अन्य तरीकों से भी उत्पीड़न किया जा रहा है। घरों में रात में दबिश डालकर परिवारीजनों से अभद्रता की जा रही है। पुलिस कार्रवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निर्मम पिटाई से घायल भी हुए हैं। कहा कि भाजपा के अत्याचारों के सामने समाजवादी पार्टी झुकने वाली नहीं है। लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा विपक्ष को कुचलने और जनता की आवाज को दबाने में लगी है। आर.एस.एस. भाजपाई दुष्प्रचार को हवा देने में सक्रिय है।

रिपोर्ट में कई जिला अध्यक्षों ने पार्टी के साथ की गद्दारी
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में मिली करारी हार के बाद अखिलेश यादव ने सभी जिला अध्यक्ष और चुनाव में हारे जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्यशियों के अलावा जिलों के वरिष्ठ नेताओं से रिपोर्ट मांगी थी। मंगलवार को हुई बैठक में सभी अपनी अपनी रिपोर्ट के साथ पहुंचे थे। सपा कि हार के बाद कहा गया कि कई जिलों में भितरघात हुआ। पार्टी के जिला अध्यक्षों ने पार्टी के साथ गद्दारी की, कुछ जिलों में प्रत्याशियों ने ही पाला बदल लिया।

समीक्षा बैठक में पहुंचे अधिकतर जिला अध्यक्ष और हारे हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्यशियों ने अपनी रिपोर्ट में जिला प्रशासन की गुंडई को जिम्मेदार बताया है। साथ ही कुछ जिलों में भितरघात को भी हार की वजह बताई गई है। पार्टी ने कुछ जिलों में भितरघातियों की चिन्हित किया है और कड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं। यहां बता दें कि अखिलेश यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन के दिन 11 जिला अध्यक्षो को तत्काल प्रभाव से पद मुक्त कर दिया था। जिला पंचायत चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल न कर पाने से नाराज सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गोरखपुर, मुरादाबाद, झांसी, आगरा, गौतमबुद्ध नगर, मऊ, बलरामपुर, श्रावस्ती, भदोही, गोंडा और ललितपुर के जिलाध्यक्षों को हटाया था।

संबंधित समाचार