बरेली: लूट के फुटेज पुलिस के पास, नहीं मिल रहा और सुराग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में लगातार सरेआम लूट के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसके चलते आम नागरिकों में डर का माहौल बना हुआ है। पिछले दिनों सरेराह हुई लूट के आरोपियों का पता लगाने में हो रही देरी के चलते लुटेरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में सरेआम लूट …

बरेली, अमृत विचार। शहर में लगातार सरेआम लूट के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसके चलते आम नागरिकों में डर का माहौल बना हुआ है। पिछले दिनों सरेराह हुई लूट के आरोपियों का पता लगाने में हो रही देरी के चलते लुटेरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में सरेआम लूट के कुछ मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज होने के बाद भी कुछ मामलों में लुटेरों का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।

पिछले सप्ताह पटेल चौक से नॉवल्टी चौराहे की ओर जाने वाली महिला से सरेराह एक ऑटो चालक ने पर्स लूट लिया था। पर्स में महिला का मोबाइल, नगदी व अन्य दस्तावेज चोरी हो गया था। मामले को तीन दिन तक पुलिस द्वारा टाल दिया गया। वहीं लूट की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी लुटेरे को पकड़ने की कवायद शुरू नहीं की गई। एसएसपी के संज्ञान में मामला आने पर पुलिस हरकत में आई और पटेल चौक पर ऑटो रिक्शा चेकिंग शुरू की गई। वहीं चौराहे पर लगे कैमरे बंद पड़े होने की वजह से लुटेरे ऑटो चालक के भागने का भी कोई सुराग नहीं मिल पाया।

वहीं दूसरी तरफ प्रेमनगर थाना क्षेत्र में करीब तीन दिन पहले एक बुजुर्ग से बाइक सवार दो लुटेरों ने सोने की चेन लूट ली थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास है। इसके बावजूद अब तक आरोपियों का कुछ भी पता नहीं चला है। लुटेरों को पकड़ने में हो रही देरी से सरेराह लूट करने वाले आरोपियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इस वारदातों को देखते हुए आम नागरिकों में भी दहशत का माहौल है।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि हाल-फिलहाल में हुई दोनों लूट के सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास हैं। पुलिस जांच में जुटी हुई है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

संबंधित समाचार