सीतापुर: मां से बदसलूकी करने पर युवक ने कर दी भाई की हत्या, फिर ऐसे खुला राज
सीतापुर। जिले के अटरिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मां से बदसलूकी करने पर छोटे भाई ने बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी और उसकी लाश को घर के अंदर कमरे में दफन कर दिया। जब एक सप्ताह बाद तक मृतक का कोई सुराग नहीं लगा तो उसकी मां …
सीतापुर। जिले के अटरिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मां से बदसलूकी करने पर छोटे भाई ने बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी और उसकी लाश को घर के अंदर कमरे में दफन कर दिया। जब एक सप्ताह बाद तक मृतक का कोई सुराग नहीं लगा तो उसकी मां ने बुधवार को थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने जांच की तो घटना परत दर परत खुलती चली गई। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात अंजाम देने की बात कबूल ली। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है। शव को कमरे से खुदवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सूत्र बताते हैं की अटरिया थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव निवासी संदीप चौरसिया (30) पुत्र राजकुमार का 7 जुलाई को किसी बात को लेकर उसी की मां से विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसने अपनी मां के साथ बदसलूकी करते हुए उसको धक्का दे दिया था। जिससे वह गिर कर बेहोश हो गई थी। घटना देख रहे संदीप के छोटे भाई राजन चौरसिया ने विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया। इस बीच राजन ने संदीप का गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। भाई की मौत के बाद राजन ने घटना को छुपाने के लिए उसकी लाश को घर के अंदर कमरे में जमीन के अंदर गाड़ दिया। जब उसकी मां को होश आया और परिवार के अन्य लोग घर पहुंचे तो उसने संदीप के घर से भाग जाने की बात कही।
संदीप को घर से निकल जाने की बात मानते हुए परिवार के लोग शांत हो गए, लेकिन जब घटना के कई दिन हो गए और संदीप का कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों को शंका हुई। जिसके चलते बुधवार को मृतक संदीप की मां मालती ने बुधवार को अटरिया थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। गुमशुदगी की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल व गांव में जांच पड़ताल करने पहुंची। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने मृतक संदीप के भाई राजन से भी कुछ पूछताछ की।
पुलिस को कुछ संदेह हुआ तो पुलिस उसे थाने ले आई। जहां उससे कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान राजन ने उक्त घटना अंजाम देने की बात कबूल ली। जिसके बाद राजन को लेकर पुलिस उसके घर गई और उसकी निशानदेही पर कमरे में दफन किया गया शव बरामद कर लिया है। एसएसआई दीपक पांडे का कहना है कि राजन की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राजन को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गांव वालों से पूछताछ के बाद हुआ खुलासा:
एएसपी अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एनपी सिंह का कहना है कि मृतक ने शराब पीकर मां से विवाद किया था। जिसके बाद दोनों भाइयों में मारपीट हुआ और संदीप की मौत हो गई। उसके बाद लाश को घर में ही गाड़ दिया गया था। कई दिन गायब रहने के बाद जब लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, तो पुलिस ने ग्रामीणों, परिवार वालों से पूछताछ की। जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
