बरेली: आरटीओ के सामने बारात घर में शिफ्ट हुई अवैध पर्किंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आरटीओ कार्यालय में फर्जी स्टैंड के संचालन का मामला सामने आने के बाद संचालक ने अब अपना ठिकाना बदल लिया है। अब बाइक स्टैंड को हटाकर कार्यालय के सामने बारात घर के सामने अपना नया ठिकाना बना लिया है। वहीं अब कार्यालय के मुख्य द्वार पर वाहन खड़े करने वाले लोगों के …

बरेली, अमृत विचार। आरटीओ कार्यालय में फर्जी स्टैंड के संचालन का मामला सामने आने के बाद संचालक ने अब अपना ठिकाना बदल लिया है। अब बाइक स्टैंड को हटाकर कार्यालय के सामने बारात घर के सामने अपना नया ठिकाना बना लिया है। वहीं अब कार्यालय के मुख्य द्वार पर वाहन खड़े करने वाले लोगों के चालान काटे जा रहे हैं।

आरटीओ के बाहर दलालों के साथ अवैध स्टैंड का संचालन करने वाला गिरोह भी सक्रिय है। आरटीओ कार्यालय के नाम से स्टैंड की पर्ची बनाकर लोगों से अवैध वसूली की जा रही थी। मामला संज्ञान आने के बाद अधिकारियों ने पुलिस को अवैध स्टैंड संचालक पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की थी।

आरटीओ के सामने चल रहे बाइक स्टैंड को हटाने के बाद की जा रही सख्ती।

संचालक ने ठिकाना हटाया

इसके बाद संचालक ने खुद ही सड़क किनारे से अपना ठिकाना हटा लिया था। मगर अब कुछ दिन बाद कार्यालय के सामने बारात घर के पास संचालक ने अपना नया ठिकाना बना लिया है, जिसकी अधिकारियों को भी भनक नहीं है। वहीं सड़क किनारे बने पहले वाले स्टैंड पर अब पीएसी के जवान निगरानी कर रहे हैं। जवान सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों को वहां पार्क नहीं होने दे रहे हैं।

गुरूवार को आरटीओ के बाहर खड़ी बाइको के आरआई ने कराये चालान।

कार्यालय के बाहर खड़े वाहनों का काटा गया चालान
अवैध स्टैंड हटने के बाद अब वाहन खड़े करने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से कार्यालय में लाइसेंस बनवाने आने वाले लोग मुख्य द्वार के सामने ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिनका चालान काटा जा रहा है। एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने बताया कि तीन दिन में कार्यालय गेट के सामने वाहन खड़े करने वाले करीब 100 से अधिक लोगों का चालान किया गया है।

एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने बताया कि सड़क किनारे लगने वाले अवैध स्टैंड को हटवाने के लिए चौकी में तहरीर दी थी। अब बारात घर के सामने लगने वाले स्टैंड की उन्हें जानकारी नहीं है।

संबंधित समाचार