बरेली: बदायूं की ओर भागे थे दरोगा को गोली मारने वाले लुटेरे
बरेली, अमृत विचार। आंवला में एटीएम लूटने आए बदमाश मंगलवार रात वारदात के बाद बदायूं की ओर भागे थे। पुलिस का मानना है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी ककराला के रहने वाले हो सकते हैं। इससे पहले भी वहां पर एटीएम लूट करने वाले पकड़े जा चुके हैं। इधर, अब दरोगा की हालत …
बरेली, अमृत विचार। आंवला में एटीएम लूटने आए बदमाश मंगलवार रात वारदात के बाद बदायूं की ओर भागे थे। पुलिस का मानना है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी ककराला के रहने वाले हो सकते हैं। इससे पहले भी वहां पर एटीएम लूट करने वाले पकड़े जा चुके हैं। इधर, अब दरोगा की हालत खतरे से बाहर है।
घंटाघर के पास लगा है भूमि विकास बैंक का एटीएम
आंवला थाना क्षेत्र के अंतर्गत घंटाघर के पास भूमि विकास बैंक का एटीएम लगा है जहां मंगलवार रात 2:15 बजे एसआई प्रवीण कुमार गश्त कर रहे थे। इस बीच एटीएम के बाहर एक व्यक्ति को उन्होंने मोबाइल फोन पर बात करते देखा। शक होने पर एसआई ने उसे रोककर पूछताछ शुरू कर दी। उसी समय एटीएम के अंदर से एक महिला और पुरुष बाहर आए।
अवैध असलहे से झोंका था फायर
उन्होंने एसआई प्रवीण कुमार पर अवैध असलहे से फायर झोंक दिया। गोलियों के छर्रे प्रवीण के पेट और हाथ पर लगे। इसके बाद घायल दरोगा नीचे गिर गए। बदमाश दरोगा का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि आरोपी बदायूं की तरफ भागे थे। पुलिस को शक है कि बदमाश बदायूं या फिर ककराला के रहने वाले हो सकते हैं। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस की टीमे लगाई गई हैं। उनका बदायूं से कनेक्शन का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
