अफगानिस्तान: भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या, हिंसाग्रस्त कंधार की कर रहे थे कवरेज
नई दिल्ली। पुलित्जर पुरस्कार विजेता भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की कंधार में हत्या कर दी गई है। यह जानकारी भारत में अफगानिस्तान के राजदूत फरीद ममूदे ने शुक्रवार को दी। वह कंधार में अफगान सुरक्षा बलों के साथ वहां के हालातों की रिपोर्टिंग कर रहे थे। समाचार एजेंसी रॉयटर्स से जुड़े फोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी …
नई दिल्ली। पुलित्जर पुरस्कार विजेता भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की कंधार में हत्या कर दी गई है। यह जानकारी भारत में अफगानिस्तान के राजदूत फरीद ममूदे ने शुक्रवार को दी। वह कंधार में अफगान सुरक्षा बलों के साथ वहां के हालातों की रिपोर्टिंग कर रहे थे। समाचार एजेंसी रॉयटर्स से जुड़े फोटो जर्नलिस्ट दानिश सिद्दीकी पुलित्जर पुरस्कार विजेता थे। इससे पहले 13 जुलाई को भी भी दानिश पर हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बचे थे।
अफगानिस्तान के राजदूत फरीद ममुंडजे ने ट्वीट किया, ‘कल रात कंधार में एक दोस्त दानिश सिद्दीकी की हत्या की दुखद खबर से बहुत परेशान हूं। भारतीय पत्रकार और पुलित्जर पुरस्कार विजेता अफगान सुरक्षा बलों के साथ कवरेज कर रहे थे। मैं उनसे 2 हफ्ते पहले उनके काबुल जाने से पहले मिला था। उनके परिवार और रायटर के प्रति संवेदना।’
अफगानिस्तान के टोलो न्यूज चैनल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सिद्दीकी की हत्या कंधार के स्पिन बोल्डक जिले में की गई थी। हालांकि, इसने घटना के बारे में और अधिक विवरण नहीं दिया। इससे पहले 13 जुलाई को हुए हवाई हमले में बचने के बाद दानिश ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी और कहा था कि वह भाग्यशाली थे कि बच गए।
पुलित्जर पुरस्कार से नवाजे जा चुके हैं दानिश सिद्दीकी
साल 2018 में दानिश सिद्दीकी को पुलित्जर पुरस्कार से नवाजा गया था, ये अवॉर्ड उन्हें रोहिंग्या मामले में कवरेज के लिए मिला था। दानिश सिद्दीकी ने अपने करियर की शुरुआत एक टीवी जर्नलिस्ट के रूप में की थी, बाद में वह फोटो पत्रकार बन गए थे।
