हरदोई: पिता की रिवाल्वर से छात्रा ने खुद को किया सूट, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर स्वजन पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। पिता ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो छात्रा खून से लथपथ पड़ी थी। जब परिजनों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी …

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर स्वजन पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। पिता ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो छात्रा खून से लथपथ पड़ी थी। जब परिजनों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। स्वजन घटना का कारण बताने से बचते रहे। रद्धेपुरवा मार्ग के मुहल्ला आजाद नगर निवासी राजेश कुमार अवस्थी सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वह निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। मूलरूप से माधौगंज के कुरसठ के परौली के रहने वाले हैं। वह अपने परिवार के साथ वर्ष 2007 से आजाद नगर में रहते थे।

परिवार में पत्नी रेखा अवस्थी और एक बेटी प्रियांशु अवस्थी थी। प्रियांशु बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पिता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह प्रियांशु को डांट दिया था, जिसके बाद वह कमरे से चुपचाप रिवाल्वर उठाकर अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो अंदर प्रियांशु खून से लथपथ पड़ी थी। बेटी को खून से लथपथ देखकर स्वजन में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सीओ सिटी विकास जायसवाल, शहर कोतवाल जगदीश यादव फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया।

सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आखिर ऐसी कौन सी बात थी कि छात्रा ने मार ली गोली : जैसा कि बताया गया राजेश की एक बेटी प्रियांशु और एक छोटा बेटा था। छोटे पर ही बेटे की मौत हो गई थी। परिवार में कोई कमी नहीं थी, अचानक से ऐसी कौन सी बात हुई कि प्रियांशु ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। स्वजन भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं।

संबंधित समाचार