भारतीय निशानेबाज जगरेब से टोक्यो रवाना, पिस्टल कोच पावेल को टीम से जोड़ने की कोशिश जारी
नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाजी दल में ओलंपिक में भाग लेने के लिए शुक्रवार को एम्सटरडम के रास्ते टोक्यो रवाना हुआ, जिसमें विदेशी पिस्टल कोच पावेल स्मिरनोव शामिल नहीं है। कोविड-19 महामारी के कारण दल में सहयोगी सदस्यों की संख्या सीमित है और पावेल टोक्यो में बाद में टीम से जुड़ने की संभावना के कारण जगरेब …
नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाजी दल में ओलंपिक में भाग लेने के लिए शुक्रवार को एम्सटरडम के रास्ते टोक्यो रवाना हुआ, जिसमें विदेशी पिस्टल कोच पावेल स्मिरनोव शामिल नहीं है। कोविड-19 महामारी के कारण दल में सहयोगी सदस्यों की संख्या सीमित है और पावेल टोक्यो में बाद में टीम से जुड़ने की संभावना के कारण जगरेब में ही रुके हैं।
ओलंपिक जाने वाली टीम ने जगरेब में 80 दिनों तक रही जहां उसने प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ अभ्यास सत्र में भी हिस्सा लिया। भारतीय दल के सभी सदस्य पिछले दो दिनों में किए कोविड-19 जांच में नेगेटिव रहे। एम्स्टर्डम में 13 सदस्यीय पिस्टल और राइफल टीम के साथ दो स्कीट निशानेबाज मेराज अहमद खान और अंगद वीर सिंह भी जुड़ेंगे, जो इटली में अभ्यास कर रहे थे।
क्रोएशियाई और जगरेब निशानेबाजी महासंघ ने यहां से रवाना होने से पहले भारतीय दल को सम्मानित किया। दल के एक सदस्य ने पीटीआई से कहा, ” उन्होंने शाम में सम्मान समारोह का आयोजन किया था । व्यवस्था को देखकर कोई भी कह सकता है कि यह डिनर पार्टी कितनी अच्छी थी।” टोक्यो के लिए उड़ान भरने से पहले भारतीय दल का एम्सटरडम में ठहराव होगा, जबकि तीन सदस्य कोच जसपाल राणा, वेद प्रकाश और मनोज कुमार दिल्ली आ रहे है।
दल के दो अन्य सदस्य 17 जुलाई को भारत लौटेंगे। उन्होंने बताया, ” पावेल जगरेब में रुके हुए हैं क्योंकि उनके लिए टोक्यो में टीम के साथ रहने की कोशिश की जा रही है। वह अभी टीम के साथ नहीं जा रहे हैं।” भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) पदाधिकारियों के बदले टोक्यो में अनुमति प्राप्त सात सहयोगी स्टाफ में एक अतिरिक्त कोच के लिए मंजूरी लेने की कोशिश कर रहा है।
एनआरएआई के एक सूत्र ने कहा, ”सबसे बड़ी समस्या उस दिन उड़ानों की उपलब्धता है, जिस दिन उन्हें रवाना होना है। हालांकि जसपाल आज भारत वापस आ रहे हैं, महासंघ उन्हें भी टोक्यो भेजने की कोशिश कर रहा है।” उन्होंने कहा पावेल पर अभी कोई भी फैसला नहीं हुआ है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने की मीडिया विभाग ने ट्वीट किया, ” भारतीय निशानेबाजी टीम जगरेब से रवाना होकर एम्सटरडम पहुंच गई है। वे आज रात बाद में तोक्यो के लिए रवाना होंगे।”
भारतीय दल ने उनके प्रवास के दौरान एक शानदार मेजबान होने पर क्रोएशियाई महासंघ धन्यवाद दिया। भारतीय निशानेबाजों ने गुरुवार को अपने प्रशिक्षण के अंतिम दिन थोड़े आराम से काम किया, लेकिन यह सुनिश्चित किया कि खेलों के सबसे बड़े आयोजन के लिए रवाना होने से पहले उनके उपकरण ठीक रहे।
ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त तक टोक्यो सहित जापान के कुछ अन्य शहरों में होगा। इसमें निशानेबाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन उद्घाटन समारोह के एक दिन बाद शुरू होगा और लगातार 10 दिनों तक जारी रहेगा। भारत के 15 निशानेबाज इन खेलों में चुनौती पेश करेंगे जिसमें से राइफल में आठ, पिस्टल में पांच और स्कीट निशानेबाजी में दो निशानेबाज शामिल है।
